ताजासमाचार

नीमच में एमपी विद्युत मंडल पेंशनर्स एसोसिएशन ने मनाया पेंशनर्स डे, 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ पेंशनर्स का हुआ सम्मान

डेस्क न्यूज 19 December, 2025 अन्य

नीमच। 17 दिसंबर को संपूर्ण देश में पेंशनर्स डे मनाया जाता है। इसी कड़ी में बुधवार 17 दिसंबर 2025 को मप्र विद्युत मंडल पेंशनर्स एसोसिएशन नीमच द्वारा पेंशनर्स डे श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत 80 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ पेंशनर्स का शाल, श्रीफल व पुष्पमाला से सम्मान किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत इस वर्ष दिवंगत हुए पेंशनर्स एवं पेंशनर्स हितों के लिए ऐतिहासिक संघर्ष करने वाले डी.एस. नाकारा जी को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इस अवसर पर एसोसिएशन के जिला उपाध्यक्ष श्यामसुंदर अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में बताया कि केंद्र सरकार द्वारा वर्ष 1979 के पूर्व एवं पश्चात सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन में असमानता उत्पन्न कर दी गई थी, जिसके विरुद्ध श्री डी.एस. नाकारा ने सर्वोच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी। सर्वोच्च न्यायालय ने 17 दिसंबर 1982 को ऐतिहासिक फैसला देते हुए कहा था कि पेंशन कोई सरकारी दया नहीं बल्कि कर्मचारियों का अधिकार है और सेवा निवृत्ति की तिथि के आधार पर पेंशन में भेदभाव नहीं किया जा सकता।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पेंशनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष श्यामसुंदर बैरागी ने की, जबकि प्रांतीय उपसचिव भूपाल सिंह राठौर एवं एस.बी. ताम्रकर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। पेंशनर्स डे के अवसर पर कन्हैयालाल पुरोहित, आर.पी. रत्नावत, शंकरदास बैरागी, बंशीलाल राठौर, श्रीमती सीताबाई, छगनलाल केतुनिया एवं के.एल. गेहलोत का सम्मान कर उनके दीर्घायु जीवन की कामना की गई।

इस दौरान उपस्थित पेंशनर्स को यह भी जानकारी दी गई कि विद्युत पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष मोर्चा द्वारा दो सूत्रीय मांगों को लेकर 23 दिसंबर 2025 को दोपहर 11 बजे कलेक्टर कार्यालय नीमच में मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसके लिए पेंशनर्स कार्यालय से विशाल रैली के रूप में कलेक्टर कार्यालय तक पहुंचने का आह्वान किया गया और सभी पेंशनर्स से अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने की अपील की गई।

कार्यक्रम को प्रांतीय उपसचिव भूपाल सिंह राठौर, संयोजक एस.बी. ताम्रकर एवं जिला सचिव सूरजमल आर्य ने भी संबोधित किया। सभा में पेंशनर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे, जिनमें घीसालाल जोशी, मदनलाल बोरीवाल, देवीलाल हाड़ा, लाल सिंह राठौर, विष्णुसिंह पंवार, चम्पालाल, भेरूलाल शर्मा, फेमिली पेंशनर अध्यक्ष श्यामदेवी, सचिव भंवरबाई गुजर, सुशीला बैरागी, पुष्पा कर्णिक, उर्मिला मिस्त्री, रमेश लोहार, किशोर बागड़ी, मनोहरलाल शर्मा सहित अनेक पेंशनर्स शामिल थे।

Related Post