न्यूज डेस्क
16 December, 2025
प्रशासनिक
नीमच। साउथ अफ्रीका में आयोजित वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए नीमच के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर अंतरराष्ट्रीय मंच पर शहर का नाम रोशन किया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर नगर पालिका परिषद नीमच द्वारा अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों का भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया गया।
नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नगर पालिका आने वाले समय में खिलाड़ियों को बेहतर संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव सहयोग करेगी। इस अवसर पर सभापति मनोहर मोटवानी, पूर्व मंडल अध्यक्ष अशोक जोशी, जलकल सभापति छाया जायसवाल, पार्षद रूपेंद्र लोक्स सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने खिलाड़ियों का माल्यार्पण कर उन्हें मैडल पहनाकर सम्मानित किया।
वर्ल्ड चैंपियनशिप में सिद्धान्त गोपाल सिंह जादोन एवं आयुष सुनील शर्मा ने सिल्वर पदक जीतकर नीमच का गौरव बढ़ाया, जबकि स्तुति डॉ. मनीष अग्रवाल एवं अस्मि मयंक कटारिया ने ब्रॉन्ज पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इसके अलावा आरव वीरेंद्र शर्मा, पृथ्वीराज गजेंद्र सिंह हरोड, मंदसौर के आरव नीलेश बाफना तथा केसुन्दा (निंबाहेड़ा) की जिनिशा सुनील आंजना ने भी सराहनीय प्रदर्शन किया।
वहीं नीमच की स्टार खिलाड़ी कनक तेजप्रकाश धारवाल ने एशियन चैंपियनशिप, जापान में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले को गौरवान्वित किया। उल्लेखनीय है कि आरव बाफना एवं जिनिशा आंजना लंबे समय से स्विमफ्लाय स्पोर्ट्स क्लब, नगर पालिका स्विमिंग पूल पर नियमित अभ्यास कर रहे हैं।
कार्यक्रम के अंत में वॉटर स्पोर्ट्स मेंटॉर प्रभु मूलचंदानी एवं मोटिवेटर राकेश कोठारी ने नगर पालिका एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के उपलक्ष्य में खिलाड़ियों के सम्मान एवं अन्य युवाओं को प्रेरित करने के उद्देश्य से 17 दिसम्बर को दोपहर 3 बजे विश्वकर्मा सर्कल से विजय जुलूस निकाला जाएगा, जो मेसी शोरूम और फव्वारा चौक होते हुए नगर पालिका स्विमिंग पूल पर संपन्न होगा। आयोजन में खेल प्रेमियों, आमजन, मीडिया बंधुओं एवं शुभचिंतकों से अधिक संख्या में शामिल होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की गई है।
कार्यक्रम में खेल प्रेमी, नगर पालिका पूल स्टाफ, अभिभावक, मीडिया प्रतिनिधि, कोच एवं खिलाड़ी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। नीमच की यह उपलब्धि आने वाले समय में खेलों के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों की ओर मार्ग प्रशस्त करेगी।