डेस्क न्यूज
12 December, 2025
अन्य
नीमच। 23वें तीर्थंकर भगवान पाश्वनाथ जी के निर्वाण कल्याणक दिवस पर शुक्रवार को ग्राम चल्दू स्थित जैन दिवाकर कमल तीर्थ परिसर में जैन विहार धाम का भूमि पूजन विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। यह पावन कार्यक्रम राष्ट्रीय संत श्री कमल मुनि कमलेश जी महाराज साहब की प्रेरणा से श्री वृंदावन गौशाला चल्दू एवं अखिल भारतीय जैन दिवाकर विचार मंच, नई दिल्ली के तत्वावधान में आयोजित किया गया। सुबह 9 बजे आरंभ हुए इस आयोजन में नीमच, मंदसौर, जावरा, रामपुरा, इंदौर, रतलाम सहित आसपास के अनेक क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, गौभक्त एवं मंच पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कमल तीर्थ चल्दू विहार धाम के निर्माण हेतु मिली अनुदान राशि में स्वर्गीय श्रीमती कमला देवी व पुत्र राजेश सिंघवी (चेन्नई) की स्मृति में 5 लाख 4 हजार रुपये का दान सिंघवी परिवार—भंवरलाल जसराज, मोहनलाल, बाबूलाल, अशोक कुमार सिंघवी एवं राखी—द्वारा प्रदान किया गया। इसके अलावा 11,000 रुपये का दान श्रीमान सोहनलाल व दिलीप छाजेड़ द्वारा तथा 5,000 रुपये उनकी पुत्री द्वारा गुप्त दान के रूप में दिया गया। मंच की ओर से सभी दानदाताओं का हृदयपूर्वक सम्मान और प्रशंसा की गई।
निर्माण कार्य की नियमित देखरेख हेतु गठित समिति में सरपंच महेंद्र सिंह शक्तावत, विक्रम सिंह सोनगरा, रामप्रसाद कुमावत, मनोहरलाल बंब, रविंद्र वीरवाल, सावर कांठेड़, श्रीमती आशा सांभर, श्रीमती रानी राणा सहित कई सदस्यों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कार्यक्रम में श्रावक संघ अध्यक्ष जयंतीलाल पितलिया, सूरजमल गोटा, ओमप्रकाश बाबेल, प्रदीप मेहता, संजय गांधी, अंकित जैन, अजीत खटोड़, सुनील दक, नीलम वीरवाल, अंकित जोशी, शुभम कुमावत सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।