डेस्क न्यूज
11 December, 2025
अन्य
नीमच। कैंट थाना क्षेत्र के स्कीम नंबर-34 के मुख्य मार्ग पर गुरुवार दोपहर एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद कैंट थाना प्रभारी नीलेश अवस्थी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद शव को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उसे चिरघर में सुरक्षित रखा गया है। टीआई अवस्थी के अनुसार मृतक के शरीर पर किसी भी प्रकार के चोट-चिह्न नहीं मिले हैं, जिससे प्रथम दृष्टया मामला प्राकृतिक मृत्यु का प्रतीत होता है।
मृतक की पहचान हो गई
मृतक की पहचान अजय पिता सत्यनारायण गाचा, उम्र लगभग 40–45 वर्ष, निवासी ग्राम बडवन, जिला मंदसौर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार अजय फेरी लगाकर मजदूरी का कार्य करता था और गुरुवार को भी काम के सिलसिले में नीमच आया हुआ था।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना
स्थानीय लोगों के अनुसार मृत्यु से कुछ देर पहले अजय ने सामने की दुकान से गुटखा खरीदा था और पास ही सड़क किनारे छाव में बैठ गया था। कुछ ही देर बाद वह अचानक गिर पड़ा, जिसके बाद उसकी मौत हो गई।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों के नीमच पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।