ताजासमाचार

नीमच कलेक्टर का एक ऐसा भी रूप ! बच्चों के साथ विद्यार्थी बने, कलेक्टर ने सुनी कविताएं

डेस्क न्यूज 09 December, 2025 अन्य

नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने मंगलवार को जिले में आंगनवाड़ी केंद्रों को पूर्व-प्राथमिक शिक्षा के मॉडल के रूप में विकसित करने के लिए चलाए जा रहे “हमारी आंगनवाड़ी, पोषण भी पढ़ाई भी” अभियान के तहत आंगनवाड़ी केंद्र झांझरवाड़ा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को दी जा रही शिक्षा की गुणवत्ता को नजदीक से परखा और आंगनवाड़ी में हो रही शाला पूर्व शिक्षा की सफलता की सराहना की।
कलेक्टर ने केंद्र में बच्चों के बीच बैठकर वर्कबुक में अक्षरज्ञान, अंक ज्ञान, चित्र और फलों की जानकारी ली। बच्चों से गिनती और एबीसीडी पढ़वाकर उनके शैक्षणिक स्तर का आकलन किया। इस दौरान नन्ही शिवानी ने बीस तक गिनती बताई, फल के नाम और पोयम सुनाई, जिससे कलेक्टर ने बच्चों की क्षमता और शिक्षा की गुणवत्ता की प्रशंसा की।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने केंद्र में बच्चों के लिए दो छोटी टेबल और कुर्सियां उपलब्ध कराने, भवन की मरम्मत, रंगाई-पुताई, खिड़कियों में मच्छर जाली और पंखे लगाने के निर्देश दिए। साथ ही जल जीवन मिशन के तहत स्कूल और आंगनवाड़ी भवन तक पेयजल पाइप लाइन और नल कलेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश भी जारी किए।
इस अवसर पर एसडीएम संजीव साहू, जिला कार्यक्रम अधिकारी अंकिता पंड्या और परियोजना अधिकारी ईरफान अंसारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के सक्रिय निरीक्षण और बच्चों की शिक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ने आंगनवाड़ी केंद्रों की गुणवत्ता और प्रशासनिक तत्परता को एक नया उदाहरण प्रस्तुत किया।

Related Post