ताजासमाचार

नीमच में बड़ी सेंध ! दूसरी मंजिल पर चढ़ चोरों ने तोड़ा शटर, फोड़ दिए कांच, दो लाख का माल हुआ पार,  लगातार बढ़ती घटनाओं से दहशत में शहर

डेस्क न्यूज 09 December, 2025 अन्य

नीमच। महू रोड स्थित स्वामी फर्नीचर शोरूम में सोमवार–मंगलवार की दरम्यानी रात हुई बड़ी चोरी ने नीमच की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। रात करीब 3 बजे दो नकाबपोश चोर बेखौफ अंदाज़ में शटर और कांच तोड़कर अंदर घुसे और शोरूम में जमकर लूटपाट की। पूरी वारदात शोरूम में लगे CCTV कैमरों में साफ़ कैद हुई है।

अंदर घुसते ही तांडव — 25,000 नकद सहित 1.5 लाख का माल पार
अंदर पहुंचते ही दोनों बदमाशों ने सबसे पहले लॉकर तोड़ा, जिसमें से 25,000 रुपये नकद समेत कुल 1 से 1.5 लाख रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। LED और अन्य कीमती आइटम भी चोरी कर लिए गए। CCTV फुटेज में दोनों आरोपी बिना किसी डर, बिना किसी हड़बड़ी के वारदात को अंजाम देते दिखाई देते हैं—जैसे उन्हें किसी का भय ही न हो।


सुबह पहुँचे मालिक के उड़े होश – टूटा लॉकर, बिखरा सामान
सुबह जब दुकान मालिक दीपक गुलाटी शोरूम पहुँचे, तो भीतर का मंजर देख उनके पैरों तले ज़मीन खिसक गई। लॉकर टूटा पड़ा था, सामान बिखरा था और कई इलेक्ट्रॉनिक आइटम गायब थे। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।


केंट थाना पुलिस मौके पर पहुँची, लेकिन गश्त पर उठे सवाल
केंट थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। हालांकि, वारदात के समय रात 3 बजे शहर के इस व्यस्त क्षेत्र में पुलिस गश्त की अनुपस्थिति पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

थाना प्रभारी निलेश अवस्थी का बयान आया सामने-
थाना प्रभारी निलेश अवस्थी ने बताया कि सूचना पर केंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची है। पंचनामा बनाया गया है, सीसीटीवी के आधार पर नकाबपोशों को पकड़ने की कवायद जारी है। 


 लगातार बढ़ती चोरी से दहशत में नीमच
पिछले कुछ महीनों में नीमच शहर में चोरी की वारदातें तेजी से बढ़ी हैं। अब महू रोड पर हुई इस बड़ी सेंधमारी के बाद व्यापारियों और स्थानीय रहवासियों में गहरी दहशत और नाराज़गी है। लोगों का कहना है कि पुलिस को रात में गश्त बढ़ानी चाहिए और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।

Related Post