ताजासमाचार

नीमच के रतनलाल की 1.52 करोड़ की संपत्ति सीज, मुंबई सफेमा कोर्ट का बड़ा आदेश

न्यूज डेस्क 26 April, 2025 प्रशासनिक

नीमच। मादक पदार्थ तस्करी के आरोपी रतनलाल उर्फ कन्हैयालाल की 1.52 करोड़ रुपए की संपत्ति को मुंबई स्थित सफेमा कोर्ट ने सीज करने का आदेश दिया है। रतनलाल नीमच जिले के जनकपुर गांव का निवासी है।

रतनलाल को 29 मार्च 2025 को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर केंद्रीय जेल इंदौर भेजा गया था। इससे पहले, 8 जनवरी 2025 को जावद थाने की पुलिस ने बोरखेड़ी में नाकाबंदी के दौरान एक पिकअप वाहन से 520 किलो अवैध डोडाचूरा जब्त किया था। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को मौके पर पकड़ा गया था, जबकि रतनलाल फरार हो गया था। उसे बाद में 1 मार्च को गिरफ्तार किया गया।

13 मार्च को भेजा गया था संपत्ति सीज करने का प्रस्ताव

जावद पुलिस ने वित्तीय जांच के बाद 13 मार्च 2025 को रतनलाल की अवैध संपत्ति को सीज करने का प्रस्ताव मुंबई स्थित सफेमा कोर्ट को भेजा था। इसके बाद वित्त मंत्रालय के राजस्व विभाग ने 8 अप्रैल 2025 को प्रस्ताव को मंजूरी दी। अब आरोपी रतनलाल अपनी सीज की गई संपत्ति का किसी भी प्रकार से स्थानांतरण नहीं कर सकेगा।

नीमच के पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने कहा कि मादक पदार्थ तस्करी में लिप्त आदतन अपराधियों के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Related Post