डेस्क न्यूज
02 December, 2025
अन्य
नीमच। बघाना थाना क्षेत्र में एक 40 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। मृतक की पहचान मोहम्मद सनवर उर्फ भूरा पिता खालिद कुरैशी, निवासी शिवगंज हम्माल मोहल्ला (नीमच कैंट) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मोहम्मद सनवर बीती रात अपने एक परिचित महिला के घर भोजन करने गया था।
रात करीब 12:30 बजे अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। स्थिति गंभीर होती देख महिला और उसके बेटे ने तुरंत उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मोहम्मद सनवर को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही बघाना थाना पुलिस भी अस्पताल पहुँची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। मृतक का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल में कराया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि मौत प्राकृतिक कारणों से हुई है या इसके पीछे कोई अन्य कारण जिम्मेदार है।
फिलहाल पुलिस मृतक के परिचितों, महिला और उसके बेटे के बयान दर्ज कर रही है। इसके साथ ही, मृतक की गतिविधियों और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है।