डेस्क न्यूज
30 November, 2025
अन्य
नीमच | मध्यप्रदेश सरकार और पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार 1 से 30 नवंबर तक पूरे प्रदेश में गुमशुदा नाबालिग बालक-बालिकाओं की तलाश हेतु “ऑपरेशन मुस्कान” संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नीमच अंकित जायसवाल द्वारा जिले के समस्त थाना प्रभारीयों को विशेष रूप से गुम नाबालिगों की दस्तयाबी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे। निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीमच नवल सिंह सिसोदिया एवं एसडीओपी मनासा शाबेरा अंसारी के मार्गदर्शन तथा मनासा थाना प्रभारी के नेतृत्व में गठित टीम को बड़ी सफलता मिली है, जिसमें 15 वर्षीय नाबालिग बालिका को सुरक्षित दस्तयाब किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 21 नवंबर को शिकायतकर्ता ने अपनी नाबालिग पुत्री के अपहरण की रिपोर्ट थाना मनासा में दर्ज कराई थी। मामले में अपराध क्रमांक 517/25 धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। इसके बाद थाना मनासा की विशेष टीम गठित कर नाबालिग की तलाश शुरू की गई। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, साइबर सेल की सहायता और निरंतर संभावित स्थानों की तलाश के दौरान अपने पेशेवर कौशल का उपयोग करते हुए 30 नवंबर को नाबालिग बालिका को सफलतापूर्वक दस्तयाब कर लिया। इस सराहनीय कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक पन्नालाल चौहान और साइबर सेल के प्रधान आरक्षक प्रदीप शिंदे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।