डेस्क न्यूज
29 November, 2025
प्रशासनिक
नीमच। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR–2025) अभियान में नीमच जिले ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया है। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के नेतृत्व में जिले ने 99.86 प्रतिशत इम्युरेशन फार्म (गणना फॉर्म) डिजिटाइजेशन कर उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की है। जिलेभर में 745 बीएलओ के निरंतर प्रयासों और प्रशासनिक अधिकारियों की नियमित समीक्षा से यह लक्ष्य समय पर पूरा हुआ।
जिले में कुल 6,19,141 मतदाताओं में से 6,18,573 मतदाताओं के इम्युरेशन फार्म डिजिटाइज किए जा चुके हैं। यह प्रदर्शन जिले को प्रदेश में शीर्ष श्रेणी में खड़ा करता है।
अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी बी.एस. कलेश ने बताया कि मनासा विधानसभा क्षेत्र में 2,03,128 मतदाताओं में से 2,02,249 फार्म डिजिटाइज हुए, जो 99.57% की सफलता है। वहीं जावद और नीमच विधानसभा क्षेत्रों ने शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन कर जिले को सर्वश्रेष्ठ परिणाम दिलाए हैं। जावद में 1,83,831 और नीमच में 2,32,493 फॉर्म पूर्णतः डिजिटाइज कर दिए गए हैं।
प्रशासनिक टीम और बीएलओज के समर्पित प्रयासों से नीमच जिले ने SIR अभियान को बड़ी सफलता दिलाते हुए पारदर्शी और अद्यतन मतदाता सूची निर्माण में नई मिसाल कायम की है।