डेस्क न्यूज
19 November, 2025
अन्य
नीमच। बढ़ती सर्दी को देखते हुए नगरीय प्रशासन विभाग के आदेश पर नगर पालिका परिषद नीमच की मुख्य नगरपालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया ने सिटी रोड स्थित अटल रैन बसेरा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने हाल ही में किए गए पेंट, फर्श व रिपेयरिंग कार्य का जायजा लिया तथा आश्रय प्राप्त कर रहे निराश्रितों से चर्चा कर वहां उपलब्ध अलाव, गर्म कंबल और सफाई की स्थिति की जानकारी ली।
सीएमओ ने रैन बसेरा में पदस्थ कर्मचारियों को साफ-सफाई पर विशेष ध्यान रखने, बिस्तर, चद्दर और कंबल नियमित रूप से स्वच्छ रखने के निर्देश दिए। वहीं सिटी मिशन मैनेजर प्रवीण आर्य को आश्रय स्थल के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु अनाउंसमेंट करवाने और रात्रि में नगर पालिका के वाहन से खुले स्थानों, बस स्टैंड एवं रेलवे स्टेशन पर रात्रि बिताते निराश्रितों को रैन बसेरा तक लाने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
सिटी मिशन मैनेजर प्रवीण आर्य ने बताया कि निराश्रितों के लिए अटल रैन बसेरा में 25 बेड की निःशुल्क रात्रि कालीन आवास सुविधा उपलब्ध है। ठंड के समय बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन या खुले स्थानों पर रुकने वाले आश्रय विहीन लोग अपना आधार कार्ड दिखाकर यहां रात्रि में सुरक्षित और गर्म स्थान पर निःशुल्क आश्रय ले सकते हैं। आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य रहेगा।