न्यूज डेस्क
13 November, 2025
अन्य
नीमच। सिटी थाना पुलिस ने बीती रात ग्राम सैमली मेवाड़ में चल रहे जुआ अड्डे पर दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 52 ताश की पत्तियां, 20,000 रुपये नगद और 5 मोटरसाइकिलें भी जब्त की हैं। जानकारी के अनुसार, मौके से गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सूरजमल पिता भेरूलाल माली और मोनू पिता श्यामलाल माली निवासी मनासा के रूप में हुई है। जबकि कमल सिंह बोरदिया, अरविंद चौधरी मनासा और मंगल सिंह कार्रवाई के दौरान मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने धारा 13 व 112 (1) तहत प्रकरण दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। कार्यवाही में प्रधान आरक्षक योगेन्द्र सिंह तोमर, आरक्षक लक्की शुक्ला सहित टीम की सराहनीय भूमिका रही । सूत्रों के मुताबिक, इस इलाके में लंबे समय से जुए का अड्डा संचालित होने की शिकायतें मिल रही थीं। पुलिस ने अब कार्रवाई की, जिस पर सवाल भी उठ रहे हैं। यह भी चर्चा है कि जिस स्थान पर जुआ चल रहा था, उसके पास ही जवासा पुलिस सहायता केंद्र स्थित है। बावजूद चौकी पुलिस द्वारा कोई कारवाई नहीं की गई ।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह क्षेत्र लंबे समय से जुआँ गतिविधियों का केंद्र बना हुआ था। आरोपी जगह बदल-बदल कर जुआँ संचालित करते थे। अचानक हुई कार्रवाई को “देर आए दुरुस्त आए” की तर्ज पर देखा जा रहा है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद फिलहाल क्षेत्र के जुआरियों में हड़कंप की स्थिति है।