न्यूज डेस्क
07 November, 2025
सामाजिक
नीमच। सिटी थाना क्षेत्र अंतर्गत भगवानपुरा चौराहा पर शुक्रवार की सुबह एक सूने मकान में अचानक आग लग जाने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, मकान मालिक प्रताभ सिंह यादव जो मिस्त्री का कार्य करते हैं, रोजाना की तरह काम पर गए हुए थे। इस दौरान लगभग सुबह 10 बजे के आसपास उनके मकान से धुआं उठता देख पड़ोसियों ने तुरंत इसकी सूचना क्षेत्रीय पार्षद दुर्गाशंकर भील और पुलिस को दी।सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद नगर पालिका की फायर ब्रिगेड और दमकल विभाग की टीम ने पहुंचकर तत्काल कार्रवाई शुरू की। चूंकि मकान पर ताला लगा हुआ था, इसलिए फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।आग की लपटों में घर के अंदर रखी टीवी, फर्नीचर, कपड़े सहित अन्य आवश्यक घरेलू सामग्री पूरी तरह जलकर राख हो गई। सौभाग्य से घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य अज्ञात कारण से आग भड़कने की संभावना जताई जा रही है। घटना की सूचना पर बड़ी संख्या में आसपास के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए।