न्यूज डेस्क
01 November, 2025
प्रशासनिक
नीमच। नशे के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान के तहत नीमच पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 55.460 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा बरामद किया है। आरोपी पंजाब से जुड़ा बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस महानिदेशक मध्यप्रदेश के निर्देश पर चल रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मनासा निकिता सिंह के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
कैसे हुई कार्रवाई
31 अक्टूबर 2025 को पुलिस थाना मनासा को मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद रंग की मारूति सुज़ुकी SX4 कार (DL-3CBC-4808) में अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा भरकर पंजाब की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने नाकाबंदी की और संदिग्ध वाहन को रोका।
तलाशी के दौरान कार की डिक्की से दो काले प्लास्टिक बैग बरामद हुए, जिनमें कुल 55.460 किलोग्राम डोडाचूरा मिला। पुलिस ने मौके से आरोपी रवि बंसल (25 वर्ष), निवासी बरनाला, पंजाब को गिरफ्तार कर लिया। वाहन और मादक पदार्थ जब्त कर कुल ₹4.50 लाख मूल्य का माल बरामद किया गया है।
पूछताछ में खुलासा
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने यह डोडाचूरा सत्तू उर्फ सत्यनारायण बाछड़ा, निवासी ग्राम हाड़ीपीपल्या (थाना मनासा) से खरीदा था। पुलिस ने सत्तू बाछड़ा के खिलाफ भी मामला दर्ज कर उसे फरार आरोपी घोषित किया है।
थाना मनासा में अपराध क्रमांक 488/2025 धारा 8/15, 25, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक दिलीप कलमोडिया, प्रधान आरक्षक नरेंद्र मालवीय, गुड्ङ्खलाल गुर्जर, आरक्षक ईश्वर चौहान, अंकित जोशी और सैनिक घनश्याम की सराहनीय भूमिका रही।