ताजासमाचार

मध्यप्रदेश को उत्कृष्ट प्रदेश बनाने का संकल्प, नीमच में स्थापना दिवस पर रंगारंग कार्यक्रम, प्रतिभाओं को किया गया सम्मान

डेस्क न्यूज़ 01 November, 2025 प्रशासनिक

नीमच। मध्यप्रदेश का स्थापना दिवस जिले में हर्षोल्लास और गौरव के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय पर आयोजित भव्य समारोह में प्रदेश की उपलब्धियों और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने वाले विविध कार्यक्रमों का आयोजन हुआ।

समारोह में पूर्व मंत्री एवं विधायक ओमप्रकाश सखलेचा, विधायक दिलीप सिंह परिहार, विधायक अनिरुद्ध मारू, महामंडलेश्वर सुरेशनंद शास्त्री, जिला भाजपा अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, जनपद अध्यक्ष शारदा धनगर, जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, एसपी अंकित जायसवाल और एडीएम बी.एस. कलेश सहित अनेक जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने प्रदेश की गौरव गाथा और देशभक्ति पर आधारित आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।

प्रतिभाओं को मिला सम्मान

स्थापना दिवस के अवसर पर जिले के उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। कर्मयोगी एप पर सर्वाधिक प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए पशुपालन विभाग के अर्पित कुमार यादव को सम्मानित किया गया, वहीं गोपाल पुरस्कार योजना में प्रदेश स्तर पर तीसरा स्थान पाने वाले ग्राम टोलखेड़ी के पशुपालक भगत बैरागी को ₹50,000 की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।

कराड़िया महाराज विद्यालय के प्राचार्य राजेंद्र कुमार शर्मा को छात्रवृत्ति वितरण में उत्कृष्ट कार्य हेतु प्रशस्ति पत्र दिया गया। इसके अलावा जिले के 18 खिलाड़ियों को राष्ट्रीय शालेय खेलकूद प्रतियोगिता में चयनित होने पर सम्मानित किया गया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देने वाले विद्यालयों — शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या विद्यालय नीमच सिटी, उत्कृष्ट विद्यालय नीमच, सांदीपनि विद्यालय नीमच और सीताराम जाजू कन्या महाविद्यालय — की छात्राओं को भी प्रशस्ति पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया।

अतिथियों के विचार

अपने उद्बोधन में विधायक ओमप्रकाश सखलेचा ने कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व की सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बनने की दिशा में अग्रसर है। मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश को देश का उत्कृष्ट प्रदेश बनाया जाएगा।”

विधायक दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि प्रदेश में औद्योगिक विकास की रफ्तार तेज़ हुई है और सरकार दुग्ध उत्पादन में मध्यप्रदेश को अग्रणी राज्य बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। वहीं विधायक अनिरुद्ध मारू ने कहा कि “मध्यप्रदेश विविधता और प्राकृतिक संपदाओं से समृद्ध राज्य है, जो विकास की नई उड़ान भर रहा है।”

आकर्षण का केंद्र रही ‘अभ्युदय मध्यप्रदेश’ रंगोली

कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बनाई गई “अभ्युदय मध्यप्रदेश” रंगोली विशेष आकर्षण का केंद्र रही। छात्राओं ने घूमर, कालबेलिया, मालवा लोकनृत्य और देशभक्ति पर आधारित ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जैसी शानदार प्रस्तुतियाँ दीं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा।

समारोह के समापन पर डिप्टी कलेक्टर पराग जैन ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर एसडीएम संजीव साहू, तहसीलदार संजय मालवीय, अधिकारी अंकिता पंड्या, जिला शिक्षा अधिकारी सुजान मल मांगरिया, सीएमओ दुर्गा बामनिया सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, लोकतंत्र सेनानी और विद्यार्थी उपस्थित रहे। 

Related Post