डेस्क न्यूज़
29 October, 2025
सामाजिक
नीमच। घरेलू गैस की होम डिलीवरी और सेवा प्रभार में बढ़ोतरी की मांग को लेकर एलपीजी वितरकों का चरणबद्ध आंदोलन जारी है। आंदोलन के दूसरे चरण के तहत बुधवार शाम शहर में एलपीजी वितरकों ने कैंडल मार्च निकालकर शांतिपूर्ण विरोध दर्ज कराया।
कैंडल मार्च शाम सात बजे यातायात थाने के सामने से प्रारंभ हुआ, जो कमल चौक होते हुए फोरजीरो चौराहे तक पहुँचा। वहां वितरकों ने मौन रखकर प्रदर्शन का समापन किया।
जिला अध्यक्ष जुल्फिकार बारूदवाला (जुल्फी इंडेन, डीकेन) ने बताया कि एलपीजी डिस्ट्रीब्यूशन एसोसिएशन (इंडिया) के आह्वान पर देशभर में 24 अक्टूबर से यह आंदोलन चल रहा है। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई और परिचालन लागत के कारण वितरकों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है, ऐसे में होम डिलीवरी एवं सेवा शुल्क में यथोचित वृद्धि आवश्यक है।
बारूदवाला ने बताया कि आंदोलन के पहले चरण में वितरकों ने जिला कलेक्टर के माध्यम से भारत सरकार के पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय को ज्ञापन सौंपा था। उसी क्रम में अब दूसरे चरण में कैंडल मार्च निकाला गया है।
एलपीजी वितरकों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को आगे और तेज किया जाएगा। उन्होंने बताया कि तीसरा चरण 6 नवंबर (गुरुवार) को आयोजित होगा, जिसमें “नो मनी, नो इंटरनेट – न पैसा जमा करेंगे, न इंटेंट करेंगे” के रूप में विरोध किया जाएगा।