डेस्क न्यूज़
13 October, 2025
अन्य
नीमच। शहर के कृषि उपज मंडी परिसर स्थित नाले में शनिवार रात से फंसे नंदी महाराज को गौ सेवा दल की टीम ने रविवार सुबह कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया। भारी-भरकम नंदी को निकालना आसान नहीं था, लेकिन टीम ने हिम्मत और समर्पण के साथ यह कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया।
जैसे ही गौ सेवा दल को सुबह सूचना मिली कि मंडी परिसर के नाले में एक नंदी फंसा हुआ है, मितेश अहीर, पार्थ जोशी और उनकी टीम बिना समय गंवाए मौके पर पहुंच गई। वहां पहुंचते ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया, जिसमें रस्सियों और अन्य उपकरणों की मदद से टीम ने सावधानीपूर्वक नंदी को बाहर निकालने का प्रयास किया।
लगभग दो घंटे की मेहनत के बाद अंततः नंदी महाराज को सकुशल बाहर निकाल लिया गया। रेस्क्यू के दौरान नंदी को किसी प्रकार की चोट न आए, इसका विशेष ध्यान रखा गया।
गौ सेवा दल के सदस्यों ने बताया कि यह कोई पहली घटना नहीं है। वे लगातार बीमार, घायल या संकट में फंसे गौवंश की सेवा के लिए सक्रिय रहते हैं। चाहे दिन हो या रात, शहर हो या ग्रामीण क्षेत्र—जहाँ कहीं से भी सूचना मिलती है, टीम तत्काल मौके पर पहुंच जाती है। गौ सेवा दल का यह कार्य न केवल पशुओं के प्रति दया और करुणा का प्रतीक है, बल्कि समाज के लिए एक उदाहरण भी है कि सेवा भावना हो तो कोई कार्य असंभव नहीं। टीम ने यह भी अपील की है कि यदि कहीं भी किसी घायल या संकटग्रस्त गौवंश की सूचना मिले, तो तुरंत उन्हें सूचित करें ताकि समय रहते मदद पहुँचाई जा सके।