ताजासमाचार

आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस की तैयारियाँ तेज, “वोट चोर गद्दी छोड़” अभियान की रूपरेखा तय

डेस्क न्यूज़ 13 October, 2025 अन्य

नीमच। आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस संगठन ने अपनी तैयारियों को तेज करते हुए कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार किया है। इसी क्रम में रविवार दोपहर जिला कांग्रेस कमेटी नीमच की एक महत्वपूर्ण बैठक कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन में आयोजित की गई, जिसमें संगठन की रणनीति और आगामी अभियान पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने की, जबकि जिला कांग्रेस प्रभारी अरविंद बागड़ी (इंदौर) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। साथ ही नीमच विधानसभा प्रभारी युसूफ कपड़ा, जावरा विधानसभा प्रभारी डी.पी. धाकड़, तथा मनासा विधानसभा प्रभारी प्रभु राठौड़ विशेष रूप से शामिल हुए।

“वोट चोर गद्दी छोड़” अभियान पर विस्तृत चर्चा
बैठक का मुख्य फोकस “वोट चोर गद्दी छोड़” नामक जनजागरण अभियान रहा, जिसका उद्देश्य मतदाताओं को जागरूक करना और लोकतंत्र की मजबूती के लिए शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करना है। इस अभियान के अंतर्गत कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर संपर्क कर नागरिकों को मतदान के महत्व से अवगत कराएंगे और मतदान के दिन उनके सहयोग के लिए प्रेरित करेंगे।

संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा
बैठक में बूथ स्तर तक संगठन की मजबूती, बी.एल.ओ. की नियुक्ति, मतदाता सूची के परीक्षण, हस्ताक्षर अभियान जैसे मुद्दों पर भी गहन विचार-विमर्श हुआ। पदाधिकारियों ने क्षेत्रीय स्तर पर सक्रिय जनसंपर्क और कार्यकर्ता संवाद को प्राथमिकता देने की बात कही।
इस दौरान जिले के सभी ब्लॉक अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी, सेक्टर अध्यक्ष, एवं जिला कार्यकारिणी सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

वरिष्ठ नेताओं ने दिए मार्गदर्शन
बैठक में पूर्व मंत्री नरेंद्र नाहटा, पूर्व विधायक नंदकिशोर पटेल, समंदर पटेल, मधु बंसल, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशा सांभर, राकेश अहीर, मोनू लोक्स, बृजेश मित्तल, हिदायतुल्ला खान, बृजेश सक्सेना सहित कई वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने संगठन की एकजुटता और जमीनी स्तर पर सक्रियता की सराहना करते हुए आने वाले चुनावों में सभी सीटों पर जीत का संकल्प दोहराया।

Related Post