ताजासमाचार

इनरव्हील क्लब नीमच डायमंड द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन, 427 मरीजों को मिला विशेषज्ञों का परामर्श

डेस्क न्यूज़ 13 October, 2025 अन्य

नीमच। इनरव्हील क्लब ऑफ नीमच डायमंड एवं उदयपुर के पैसिफिक मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के सहयोग से सी.एस.वी. अग्रोहा भवन पर निःशुल्क सर्व रोग जाँच, परामर्श एवं भर्ती शिविर का भव्य और सफल आयोजन किया गया। इस सेवा भावना से प्रेरित शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का समाधान पाया।
इस स्वास्थ्य शिविर में कुल 427 मरीजों ने विभिन्न रोगों की जांच करवाई और विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श प्राप्त किया। शिविर के दौरान 24 मरीजों को नेत्र ऑपरेशन, 8 मरीजों को कान संबंधी ऑपरेशन के लिए चयनित किया गया, जबकि 40 अन्य गंभीर रोगियों सहित कुल 72 मरीजों को तत्काल उपचार एवं शल्य चिकित्सा हेतु उदयपुर स्थित पैसिफिक मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहाँ उनका उपचार पूर्णतः निःशुल्क किया जाएगा।
शिविर में नेत्र, अस्थि, महिला, दंत, नाक, कान, गला, हृदय, त्वचा, मूत्र एवं अन्य विभागों के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। सभी मरीजों को निःशुल्क जांच, परामर्श, दवाइयां एवं आवश्यक परीक्षण उपलब्ध कराए गए। इसके अतिरिक्त, चयनित मरीजों के आवागमन, नाश्ता एवं भोजन की व्यवस्था भी पूरी तरह निःशुल्क की गई, जिससे मरीज और उनके परिजन पूरी सुविधा का अनुभव कर सकें।
कार्यक्रम का शुभारंभ नगरपालिका अध्यक्ष स्वाती चौपड़ा के मुख्य आतिथ्य में हुआ, जबकि समापन सत्र में सीसीसी चेयरमैन पीडीसी संगीता जोशी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। आयोजन का संचालन संयोजक टीम द्वारा पूरी सफलता और व्यवस्थित ढंग से किया गया।
शिविर के प्रारंभ में इनरव्हील क्लब ऑफ नीमच डायमंड की अध्यक्षा पूजा गर्ग ने स्वागत भाषण देते हुए क्लब की सामाजिक सेवा एवं योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मानवता की सच्ची सेवा तभी संभव है जब वह जरूरतमंदों तक पहुँच सके।
इस शिविर की सफलता में क्लब कोषाध्यक्ष दिव्या जैन, सपना मोगरा, पूजा खंडेलवाल, रिंकी तापड़िया, शिवांगी जैन, हीना बदलानी, प्रियंका नागदा, जयंती एनिया, डिम्पल चांदना, पलक खंडेलवाल, एकता पंवार, प्रियंका सैनी, दीपिका खंडेलवाल, निकिता पगारिया, प्रेरणा बाकलीवाल, अदिती चंडक, दिशा सैनी, लक्ष्मी शर्मा, गौरी खंडेलवाल सहित सहयोगी टीम का विशेष योगदान रहा।
अंत में क्लब की एडिटर शिवांगी जैन ने आभार प्रदर्शन करते हुए कहा कि यह सेवा शिविर क्लब की समाज के प्रति प्रतिबद्धता और मानवता के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में इस प्रकार के और भी बड़े स्तर के शिविर आयोजित किए जाएंगे ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर सकें।

Related Post