यशवंत राठौर
10 October, 2025
अन्य
मनासा | धर्म और सेवा का अद्वितीय संगम तब देखने को मिलता है, जब आस्था केवल परंपरा नहीं, बल्कि कर्म बन जाए। ऐसे ही समर्पित भाव के साथ गुरुवार सुबह समाजसेवी अशोक अरोरा (गंगानगर) और युवा समाजसेवी अरूल अरोरा (गंगानगर) ने मनासा तहसील से 7 किमी दूर, मंदसौर रोड स्थित शेषपुर चौराहा पर शनि मंदिर व बालाजी मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
मंदिर के गर्भगृह में पहुंचे दोनों समाजसेवियों ने विद्वान पंडितों के वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजा कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
धार्मिक कार्यों और सामाजिक सेवा में सदैव अग्रणी रहने वाले मालवा-मेवाड़ क्षेत्र के प्रसिद्ध समाजसेवी अशोक अरोरा ने शनि मंदिर की स्थापना से लेकर प्राण प्रतिष्ठा तक तन-मन से सेवा दी है। उन्होंने धर्म और समाज के प्रति समर्पण का जो भाव दिखाया है, वह आज की पीढ़ी के लिए प्रेरणा है।
उनके साथ युवा समाजसेवी अरूल अरोरा ने भी मंदिर पहुंचकर श्रद्धा के साथ दर्शन किए और भगवान से आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, भक्तगण, सरपंच, पूर्व सरपंच, एवं अविनाश ग्रुप कंपनी के कर्मचारीगण उपस्थित रहे।