डेस्क न्यूज़
06 October, 2025
प्रशासनिक
नीमच / नीमच जिले में नकली या संदिग्ध दवाओं की जांच को लेकर औषधि प्रशासन ने एक और सख्त कदम उठाया है। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देश और उपसंचालक औषधि प्रशासन डॉ. आर.के. खद्योत के मार्गदर्शन में औषधि निरीक्षक शोभित तिवारी द्वारा सोमवार को शहर की कई मेडिकल दुकानों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण अभियान के दौरान ड्रग इंस्पेक्टर तिवारी ने Coldrif Syrup (बैच नंबर SR-13), जो कि मेसर्स Sresan Pharmaceuticals द्वारा निर्मित है, के स्टॉक की जांच की। उन्होंने नीमच स्थित सुनील मेडिकल एजेंसी, विहान ड्रग हाउस, श्री जिन कुशल इंटरप्राइजेज, पारस मेडिकल एजेंसी, राम मेडिकल एजेंसी, गायत्री मेडिकल स्टोर और पाटीदार केमिस्ट समेत कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण में सामने आया कि किसी भी दवा विक्रेता के पास उक्त सिरप या निर्माता कंपनी के अन्य उत्पाद का स्टॉक मौजूद नहीं था। फर्म संचालकों ने बताया कि वे Sresan Pharmaceuticals की किसी भी दवा का क्रय-विक्रय या भंडारण नहीं करते हैं।
ड्रग इंस्पेक्टर श्री तिवारी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान बच्चों में उपयोग होने वाले कफ सिरप की गुणवत्ता जांच के लिए कुल 5 सिरप के नमूने लिए गए हैं, जिन्हें परीक्षण हेतु राज्य औषधि परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन, नीमच कार्यालय की ओर से सभी औषधि विक्रेताओं को निर्देश जारी किए गए हैं कि वे Sresan Pharmaceuticals द्वारा निर्मित किसी भी दवा का विक्रय न करें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि मेडिकल दुकानों का निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।