डेस्क न्यूज़
01 October, 2025
अन्य
नीमच। जिले के सिंगोली थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ी गांव स्थित सौर ऊर्जा प्लांट में ड्यूटी कर रहे सुरक्षाकर्मी लोकेश सुथार मंगलवार रात एक गंभीर हादसे का शिकार हो गए। हादसे के बाद परिजनों और साथी कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। कंपनी की लापरवाही के विरोध में बुधवार सुबह से ही प्लांट गेट पर धरना प्रदर्शन जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थडोद निवासी लोकेश पिता राजेंद्र सुथार मंगलवार रात करीब 9 बजे प्लांट परिसर के बाहर सड़क किनारे ड्यूटी पर तैनात था | इसी दौरान एक तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद सहयोगियों ने तुरंत उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए सिंगोली पहुंचाया, जहां से उन्हें गंभीर हालत में भीलवाड़ा के एक निजी अस्पताल रेफर किया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने लोकेश की हालत को नाजुक बताते हुए तत्काल बड़े ऑपरेशन की जरूरत बताई और परिजनों से करीब 6 लाख रुपए की व्यवस्था करने को कहा। इस कठिन परिस्थिति में पीड़ित परिवार की मदद के लिए न तो सौर ऊर्जा प्लांट प्रबंधन सामने आया और न ही सुरक्षा एजेंसी ने कोई सहयोग दिया, जिससे परिवार टूट गया।
परिजनों और साथी सुरक्षाकर्मियों का आरोप है कि घटना के बाद कंपनी प्रबंधन का कोई भी जिम्मेदार मौके पर नहीं पहुंचा, न ही आर्थिक सहायता की कोई पहल की गई।
इस लापरवाही से नाराज़ परिजन और साथी सुरक्षाकर्मी बुधवार सुबह से प्लांट गेट पर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारी मांग कर रहे हैं कि कंपनी प्रबंधन घायल के इलाज का संपूर्ण खर्च वहन करे और परिवार की आर्थिक सहायता सुनिश्चित करे। साथ ही, भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए स्पष्ट नीति और सुरक्षा प्रबंधन लागू किया जाए।
धरना-प्रदर्शन की सूचना मिलने पर तहसीलदार मौके पर पहुंचे और आंदोलनकारियों से चर्चा शुरू की। हालांकि परिजनों ने साफ कह दिया कि जब तक कंपनी जिम्मेदारी स्वीकार नहीं करती और सहायता की ठोस घोषणा नहीं करती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।