ताजासमाचार

धनेरिया कला में राव तुलाराम शहीद दिवस पर भावभीनी श्रद्धांजलि, नारायणी सेना ने किया भव्य आयोजन

डेस्क न्यूज़ 23 September, 2025 अन्य

नीमच। अहीर समाज के महान स्वतंत्रता सेनानी और 1857 की क्रांति के वीर सेनानायक राजा राव तुलाराम के शहादत दिवस पर रविवार को धनेरिया कला स्थित माताजी मंदिर परिसर में नारायणी सेना द्वारा भव्य श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में समाजजन और ग्रामीणजन एकत्रित हुए और उनके अद्वितीय बलिदान को नमन किया।

कार्यक्रम की शुरुआत नारायणी सेना के जिला अध्यक्ष हरीश अहीर के उद्बोधन से हुई। उन्होंने राव तुलाराम के संघर्ष और बलिदान का उल्लेख करते हुए कहा कि – “1857 की क्रांति में राव तुलाराम ने हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान में अंग्रेजों से निर्णायक युद्ध लड़ा। रेवाड़ी से अंग्रेजों को खदेड़कर स्वतंत्र शासन स्थापित किया और 5000 से अधिक सैनिकों की सेना तैयार की। पराजय के बाद भी वे हारे नहीं, बल्कि ईरान, अफगानिस्तान और रूस जाकर भारत की स्वतंत्रता के लिए समर्थन जुटाने का प्रयास किया। 23 सितंबर 1863 को अफगानिस्तान में ही उन्होंने शहादत दी।”

इस अवसर पर तहसील अध्यक्ष प्रकाश अहीर ने कहा कि संगठन की मजबूती ही समाज की शक्ति है और हमें नारायणी सेना को संगठित कर अहीर समाज को नई दिशा देनी होगी। वहीं जिला महामंत्री निखिल यादव ने कहा कि पूर्वजों की वीरता हमें प्रेरणा देती है और हमें उनके आदर्शों पर चलना चाहिए।

कार्यवाह अध्यक्ष अल्केश अहीर सहित उपाध्यक्ष बाबूलाल अहीर, संयोजक राजेश अहीर, प्रवक्ता सुभाष अहीर, जिला सदस्य रमन पटेल और अन्य पदाधिकारियों ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम का संचालन और प्रबंधन नारायणी सेना ग्रामीण अध्यक्ष बंटी अहीर के नेतृत्व में हुआ। इस दौरान तहसील कार्यकारिणी के सदस्यों का भी दुपट्टा उड़ाकर सम्मान किया गया।

कार्यक्रम में विजय चौधरी, राधेश्याम अहीर, सीताराम अहीर, मनीष अहीर, दशरथ अहीर, मार साहब, शक्ति अहीर, भारत अहीर, मुकेश अहीर, कुलदीप अहीर, लाला अहीर, पंकज अहीर, भावेश सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने राव तुलाराम की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और देशभक्ति का संकल्प लिया।

राव तुलाराम: स्वतंत्रता संग्राम के अग्रदूत

राव तुलाराम अहीर समाज ही नहीं, बल्कि सम्पूर्ण भारत के लिए वीरता, नेतृत्व और देशभक्ति के प्रतीक हैं। उनकी स्मृति में हरियाणा सरकार ने अनेक संस्थानों का नामकरण किया है, जिनमें दिल्ली स्थित राव तुलाराम अस्पताल प्रमुख है। वर्ष 2023 से हरियाणा सरकार ने उनके शहादत दिवस 23 सितंबर को राजकीय अवकाश घोषित किया है। कार्यक्रम के अंत में संदेश दिया गया कि – “राव तुलाराम की कुर्बानी भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के लिए प्रेरणा बनी। उनका नाम इतिहास में सदैव अमर रहेगा।”

Related Post