ताजासमाचार

नीमच की सड़कों पर उमड़ा सौंधिया राजपूत समाज, स्कूली बच्चों के विवाद के बाद दो समाज आमने-सामने, कड़ी कार्रवाई की मांग

डेस्क न्यूज़ 23 September, 2025 सामाजिक

नीमच। ज़िले के रेवली-देवली शासकीय स्कूल में छात्रों के बीच मामूली विवाद ने बड़ा रूप ले लिया है। एक दिन पहले गुर्जर समाज ने प्रदर्शन किया था और अब निष्पक्ष कारवाई की मांग व समाज पर अनुचित बयानबाजी को लेकर सौंधिया राजपूत समाज भी सड़को पर उतर आया.  
जानकारी के अनुसार, पिपलिया नाथावत निवासी छात्र राजवीर सिंह तंवर के साथ झालरी गांव के युवाओं द्वारा स्कूल परिसर में की गई गंभीर मारपीट की घटना को लेकर सौंधिया राजपूत समाज में गहरा आक्रोश फैल गया है। समाज का आरोप है कि इतनी गंभीर वारदात के बावजूद पुलिस ने गुर्जर समाज के दबाव में आकर केवल हल्की धाराओं में मामला दर्ज किया, जिससे न्याय की उम्मीदें धुंधली हो रही हैं।
घटना के विरोध में मंगलवार को सौंधिया राजपूत समाज के हजारों लोग गाड़ियों के लम्बे काफिले के साथ नीमच की सड़कों पर उतरे। विशाल वाहन रैली निकालते हुए समाजजनों ने मैसी शोरूम चौराहे पर पहुंचकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान समाजजनों ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के खिलाफ शीघ्र कठोर कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि 20 सितंबर की शाम पिपलिया नाथावत गांव में झालरी से जुड़े गुर्जर समाज के कुछ युवकों ने आपत्तिजनक नारेबाजी की और पीड़ित परिवार को लक्ष्य बनाते हुए अश्लील व अमर्यादित शब्दों का प्रयोग किया।
इसके साथ ही विवाद की आंच सोशल मीडिया पर भी फैल गई। आरोप है कि Instagram पर ‘@royal_veer0968’ और ‘@ajay_bagdawat_king’ नामक अकाउंट्स से सौंधिया राजपूत समाज के विरुद्ध अभद्र, आपत्तिजनक और भड़काऊ टिप्पणियां की गईं। समाज का कहना है कि इन गतिविधियों के पीछे समाज को बदनाम करने की साज़िश है।
सोंधिया राजपूत समाज ने अपनी प्रमुख मांगों में दोषियों के खिलाफ सख्त धाराओं में प्रकरण दर्ज करने, अभद्र भाषा का प्रयोग करने वाले सोशल मीडिया अकाउंट्स पर साइबर अपराध की धाराओं में कार्रवाई करने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर पीड़ित को न्याय दिलाने की मांग उठाई है। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान, समाज अध्यक्ष अनिल सिंह परिहार, युवा जिलाध्यक्ष बलवंत सिंह तंवर सहित सेकड़ो समाजजन उपस्थित थे.

Related Post