ताजासमाचार

जो अंग्रेज ना कर पाए वह ये हुक्काम कर देंगे : रामविलास गोस्वामी | सीटू का जिला सम्मेलन संपन्न

डेस्क न्यूज़ 22 September, 2025 अन्य

नीमच। सीटू (CITU) का जिला सम्मेलन जांगीड़ ब्राह्मण धर्मशाला में संपन्न हुआ। सम्मेलन का उद्घाटन इंदौर संभाग प्रभारी कॉमरेड कैलाश लिंबोदिया ने किया। उन्होंने कहा कि मेहनतकश वर्ग की सुरक्षा हेतु बने 45 श्रम कानूनों को हटाकर उनकी जगह चार श्रम संहिताएं थोपना अन्याय है। मध्यप्रदेश की सरकार केंद्र से भी ज्यादा मजदूर विरोधी निकली है जिसने फैक्ट्री, ठेका और श्रम कानूनों की परिभाषा बदलकर मजदूरों को कमजोर किया है।मुख्य वक्ता सीटू के प्रदेश अध्यक्ष कॉमरेड रामविलास गोस्वामी ने अदम गोंडवी की पंक्तियाँ उद्धृत करते हुए कहा कि “जो अंग्रेज न कर पाए, वो ये हुक्काम कर देंगे।” उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार श्रम कानून, भूमि अधिग्रहण कानून और प्रेस पर पाबंदी जैसे कदमों से मेहनतकश वर्ग को पूंजीपतियों का गुलाम बनाना चाहती है। भगत सिंह और उनके साथियों ने जिस कानून संशोधन का विरोध किया था, वही आज फिर से लागू करने की कोशिश हो रही है। उन्होंने कहा कि मजदूर वर्ग ने अब तक 21 राष्ट्रीय हड़तालों के जरिए सरकार की गति धीमी की है, लेकिन अब आंदोलन तेज करके नीतियों को बदलने के लिए सरकार को मजबूर करना होगा।महासचिव रिपोर्ट कॉमरेड सुनील शर्मा ने प्रस्तुत की। चर्चा में आंगनबाड़ी यूनियन से जयश्री यादव, सुषमा गुप्ता, आशा यूनियन से शालिनी जयंत, रेखा आर्य, औद्योगिक मजदूर एकता यूनियन से रवि नागदा, सीमेंट मजदूर यूनियन से गुणवंत लाल राठौर, दैनिक वेतनभोगी यूनियन से प्रहलाद वगाडा, आउटसोर्स यूनियन से रमेशचंद्र गरासिया, संविदा यूनियन से मनीष शर्मा, सुरक्षा गार्ड गनमैन यूनियन से गोपाल सिंह राठौर सहित विभिन्न यूनियनों के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।सम्मेलन में जनवादी लेखक संघ की अध्यक्ष प्रियंका कविश्वर, बीएसएनएल कर्मचारी यूनियन के के.सी. सेन, जन नाट्य मंच के विजय बैरागी, छात्र नेता लोकेश यादव समेत कई अतिथियों ने क्रांतिकारी शुभकामनाएं दीं। मजदूर साथी दिनेश जटिया ने गीत प्रस्तुत किया।समापन भाषण कॉमरेड किशोर जवेरी ने दिया और कहा कि मेहनतकश वर्ग की एकता ही समय की सबसे बड़ी जरूरत है। संचालन कॉमरेड शैलेंद्र सिंह ठाकुर व आभार कॉमरेड पंकज नागदा ने व्यक्त किया। सम्मेलन में 51 सदस्यीय पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी मंडल का गठन किया गया।

Related Post