ताजासमाचार

उफनते पुल पर बच्चों से भरी स्कूल बस निकालना पड़ा महंगा, बस का पंजीयन रद्द, ड्राइवर का लाइसेंस निलंबित

डेस्क न्यूज़ 19 September, 2025 प्रशासनिक

सिंगोली। शुक्रवार को हुई मूसलाधार बारिश से क्षेत्र के नदी–नाले उफान पर आ गए। जगह–जगह पुलिया और मार्ग जलमग्न हो गए। इस बीच नगर के एक निजी स्कूल बस चालक ने बड़ी लापरवाही दिखाते हुए कई बच्चों की जान खतरे में डाल दी।

जानकारी के अनुसार, सिंगोली से पटियाल मार्ग पर स्थित पुलिया पर पानी काफी तेज बहाव के साथ बह रहा था। खतरे के संकेतों को नज़रअंदाज़ करते हुए चालक ने बस को पुल से पार करने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने बताया कि बस कुछ देर तक पानी में फंसी भी रही, लेकिन किसी तरह पार निकल गई। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, अन्यथा स्थिति भयावह हो सकती थी।
सूत्रों से जानकारी मिली है उसके अनुसार इसमें ग्रामीण अंचल के करीब 10 से 15 बच्चे सवार थे जो अपने स्कूल से घर को लौट रहे थे अगर बस पानी में बह जाती तो स्थिति गंभीर हो सकती थी।
बताया जा रहा है कि बस संस्कार पब्लिक स्कूल सिंगोली की थी और उसमें बच्चे सवार थे वही पुलिया के पर खड़े कुछ लोगों ने इसका वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर डाल दिया जिस पर प्रशासन ने संज्ञान लेते हुए इस पर कार्रवाई करने को आदेशित कर दिया है।

घटना के प्रत्यक्षदर्शियों ने चालक की हरकत को निंदनीय बताया और कहा कि थोड़ी सी चूक पर बच्चों की जान चली जा सकती थी। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे लापरवाह चालकों और स्कूल प्रबंधन पर सख्त कार्रवाई की जाए।

इधर, परिजनों में भी इस घटना को लेकर गहरी चिंता और आक्रोश है। अभिभावकों का कहना है कि जब बारिश से नदी–नाले उफान पर हों, तब स्कूलों को बसों का संचालन ही रोक देना चाहिए।

इस मामले में जैसे ही वीडियो वायरल हुआ एसडीएम प्रीति संघवी ने तहसीलदार को मौके पर जाने को कहा और जांच करने के आदेश दिए।
एसडीएम प्रीति संघवी ने बताया कि इस मामले में आरटीओ को सख्त कार्रवाई करने के लिए कहा गया है ऐसी किसी भी लापरवाही पर सख्त कार्यवाही की जाएगी, और इस मामले में भी हम सख्त कार्रवाई करेंगे ताकि दूसरे ऐसे लोगों को मैसेज मिले ताकि इस तरह की घटना की कभी पुनरावृत्ति ना हो।
खबर लिखे जाने तक आरटीओ की टीम मौके के लिए रवाना हो गई थी और जल्द ही वहां पहुंचते ही सख्त कार्रवाई कर दी जाएगी।

सिंगोली बस वाले मामले में आरटीओ नंदलाल गामड़ ने बताया कि बस जप्त की जा रही है और जो बस चालक है  उसका लाइसेंस निरस्त किया जा रहा है।
इसमें साथ ही स्कूल मालिक को शिक्षा विभाग द्वारा नोटिस भी भेजा जाएगा।

Related Post