डेस्क न्यूज़
10 September, 2025
प्रशासनिक
नीमच। शहर के विभिन्न हिस्सों में नगर पालिका द्वारा बनाए गए कचरा पॉइंट गंदगी और बदबू का कारण बनते जा रहे हैं। इन कचरा प्वाइंटों का निर्माण कच्ची जमीन पर होने से यहां हमेशा गंदगी फैलती रहती है। बाउंड्री न होने के कारण कचरा सड़कों तक फैल जाता है,जिससे मार्ग बाधित होते हैं और दुर्गंध व्याप्त रहती है। सड़कों पर फैले कचरे में मवेशी और गोवंश भी खाने की तलाश में मुंह डालते नजर आते हैं।जानकारी के अनुसार, ट्रामा सेंटर के पीछे नगरपालिका का बड़ा कचरा पॉइंट बना हुआ है। यहां नगर पालिका के वाहनों द्वारा कचरा उठाने के बाद भी दिनभर फल व्यवसायियों और अन्य लोगों द्वारा कचरा फेंके जाने से स्थिति असहनीय हो गई है।भारी मात्रा में जमा कचरे से न केवल बदबू फैलती है बल्कि क्षेत्र का वातावरण भी दूषित होता है। यही हाल मूलचंद मार्ग, बघाना नाका नंबर 4 और पेट्रोल पंप के आसपास भी देखने को मिल रहा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि कचरा पॉइंटों पर जेसीबी से कचरा उठाने के कारण जमीन में डेढ़ से दो फीट गहरे गड्ढे बन गए हैं। बरसात में इन गड्ढों में पानी और गंदगी एकत्रित होकर संक्रमण फैलाने की आशंका बढ़ा रहे हैं।क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि इन कचरा पॉइंटों का स्थान परिवर्तन किया जाए या इन्हें आधुनिक स्वरूप दिया जाए। इसके तहत कचरा पॉइंट पर सीसी का निर्माण हो, वर्षा व गंदे पानी की निकासी की उचित व्यवस्था की जाए, चारों ओर पक्की दीवार बनाई जाए तथा गेट लगाकर कचरे को सुरक्षित तरीके से संग्रहित किया जाए। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो गंदगी से फैलने वाली बीमारियों का खतरा और बढ़ जाएगा।