ताजासमाचार

अल्हेड़ पंचायत ने दी ग्रामीणों को आकर्षक गार्डन की बड़ी सौगात

डेस्क न्यूज 10 September, 2025 सामाजिक

अल्हेड़। ग्राम पंचायत अल्हेड़ ने आंगनवाड़ी केंद्र व उप स्वास्थ्य केंद्र के पास एक सुंदर गार्डन विकसित किया है। गार्डन में बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले, चकरी, बैठने की व्यवस्था, रंगीन रोशनी और फव्वारा लगाया गया है। इसके साथ ही भोलेनाथ की प्रतिमा भी स्थापित की गई है, जिसे फव्वारे और रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया है।

स्वच्छता मद से बने इस गार्डन को ग्राम पंचायत ने मनासा विधानसभा क्षेत्र के विधायक अनिरुद्ध (माधव) मारू के मार्गदर्शन और ग्रामवासियों के सहयोग से तैयार किया है। सरपंच आनंद श्रीवास्तव ने बताया कि गार्डन न केवल बच्चों के मनोरंजन का केंद्र है, बल्कि सौंदर्यीकरण और पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। गार्डन में पौधे लगाए गए हैं, बाउंड्रीवाल और प्रवेश द्वार पर स्वागत द्वार का निर्माण किया गया है।

शाम होते ही गार्डन का नजारा मनमोहक हो उठता है। रंगीन रोशनी और फव्वारे की छटा बच्चों व ग्रामीणों को आकर्षित कर रही है। परिवारों की मौजूदगी और बच्चों की चहल-पहल से गार्डन गुलजार रहता है।

ग्राम पंचायत के इस प्रयास में जनप्रतिनिधियों और प्रशासन का भी सहयोग रहा।  गांव के युवाओं ने भी पंचायत की अपील पर श्रमदान कर योगदान दिया। बुजुर्गों का मार्गदर्शन समय-समय पर लिया गया। पंचायत को उत्कृष्ट कार्यों के लिए जिले में प्रथम पुरस्कार भी मिल चुका है।

दावा है कि अल्हेड़ जिले की पहली पंचायत बन गई है, जिसने बच्चों के लिए झूले, चकरी और फव्वारे वाला आकर्षक गार्डन तैयार कर ग्रामीणों को बड़ी सौगात दी है।

Related Post