ताजासमाचार

जावद क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि के क्षेत्र में ए.आई. (Artificial Intelligence) टेक्नोलॉजी के इंटीग्रेशन की ऐतिहासिक शुरुआत 

डेस्क न्यूज़ 09 September, 2025 अन्य

नीमच | जावद क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि के क्षेत्र में ए.आई. (Artificial Intelligence) टेक्नोलॉजी के इंटीग्रेशन की ऐतिहासिक शुरुआत की गई। पूर्व मंत्री एवं जावद विधायक ओमप्रकाश सखलेचा के प्रयासों से जावद की कृषि उपज मंडी में आयोजित भव्य कार्यक्रम में प्रोजेक्ट दीप का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर हेल्थ ऐप, सेवा से प्रसन्नता अभियान का दूसरा चरण, कृषि उपज मंडी परिसर में डोम का लोकार्पण तथा 1.25 करोड़ की लागत से बनने वाले किसान भवन का भूमिपूजन भी किया गया।

युवाओं को आधुनिक शिक्षा और रोजगार से जोड़ने की पहल
प्रोजेक्ट दीप के तहत जावद क्षेत्र के शासकीय विद्यालयों के 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को ए.आई. की शिक्षा दी जाएगी। प्रथम चरण में 1500 विद्यार्थियों को प्रशिक्षण मिलेगा। स्कूली समय के बाद दो घंटे की विशेष कक्षाओं में पहले छह माह बेसिक कम्प्यूटर शिक्षा तथा अगले छह माह में विषय-विशेष की पढ़ाई कराई जाएगी। 150 से अधिक कोर्स तैयार किए गए हैं, जिनमें ए.आई. आधारित स्वास्थ्य, कृषि और रोजगारमुखी विषय शामिल हैं।

सहस्त्रबुद्धे और विजय भटकर का आशीर्वाद
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वर्चुअली जुड़े पूर्व राज्यसभा सांसद और चिंतक विनय सहस्त्रबुद्धे ने कहा कि जावद क्षेत्र में ए.आई. के माध्यम से युवाओं को रोजगार से जोड़ने की पहल अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि ए.आई. सूचना के महासागर के समान है और इसके जरिये ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को आधुनिक अवसरों से जोड़ा जा सकता है।
सुप्रसिद्ध वैज्ञानिक और सुपरकंप्यूटर के जनक डॉ. विजय भटकर ने भी महाराष्ट्र नॉलेज ऑफ कॉरपोरेशन के साथ मिलकर विशेष ए.आई. शिक्षा कोर्स तैयार किए हैं, जिन्हें जावद में लागू किया जाएगा।
विधायक सखलेचा ने अपने संबोधन में कहा कि उनका लक्ष्य है कि 18 वर्ष की उम्र तक क्षेत्र का प्रत्येक बच्चा आत्मनिर्भर बन सके। उन्होंने बताया कि जावद के 30 शासकीय विद्यालयों में आईसीटी लैब तैयार की गई हैं। साथ ही, बच्चों को ऑनलाइन बिजनेस, डिजिटल फ्रीलांसिंग, नेटवर्किंग, भाषा अधिगम और टैक्स रिटर्न जैसे रोजगारपरक कोर्स कराए जाएंगे।

विशेषज्ञों ने किया प्रजेंटेशन
ए.आई. विशेषज्ञ नचीकेत भटकर ने बताया कि ए.आई. शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि में क्रांतिकारी परिवर्तन ला रहा है और इसके माध्यम से रोजगार के नए अवसर भी खुलेंगे। मयूर ने पावर प्रजेंटेशन के जरिए ए.आई. के दैनिक जीवन में उपयोग और डीप डिजिटल एम्प्लॉयमेंट प्रोग्राम पर प्रकाश डाला। तुषार ने कृषि में ए.आई. के व्यावहारिक उपयोग का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया।

इस मौके पर विधायक नीमच दिलीप सिंह परिहार, विधायक मनासा अनिरुद्ध मारू, जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान, पूर्व विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया, वंदना खंडेलवाल, महेंद्र भटनागर, पवन पाटीदार सहित अनेक जनप्रतिनिधि मंचासीन रहे। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसोदिया, एसडीएम प्रीति संघवी, तहसीलदार नवीन गर्ग, विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक, जनप्रतिनिधि, पत्रकार तथा हजारों की संख्या में छात्र-छात्राएं एवं आमजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई तथा अतिथियों का स्वागत पुष्पहार और पगड़ी पहनाकर किया गया।

Related Post