ताजासमाचार

नीमच में बड़ा हादसा टला: तेज बहाव में फंसी BMO की बोलेरो, खजूर के पेड़ से टकराकर रुकी – ग्रामीणों ने बचाई जान

डेस्क न्यूज़ 05 September, 2025 प्रशासनिक

नीमच। ज़िले के रतनगढ़ से महज़ 9 किलोमीटर दूर गुरुवार शाम एक बड़ा हादसा उस वक्त टल गया, जब स्वास्थ्य विभाग रतनगढ़ के ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (BMO) डॉ. राजेश मीणा, डॉ. मोहन मुजाल्दे और उनका ड्राइवर तेज बहाव वाली गुंजाली नदी को बोलेरो गाड़ी से पार करने की कोशिश कर रहे थे।

यह घटना सांडा माताजी के पास उस समय हुई जब गुंजाली नदी का पानी पुल के ऊपर से बह रहा था। प्रशासन द्वारा लगातार चेतावनी दी जा रही थी कि तेज बहाव के दौरान नदी या पुल पार न करें, इसके बावजूद सरकारी वाहन को लेकर अधिकारी नदी पार करने निकल पड़े।

जैसे ही बोलेरो गाड़ी तेज बहाव में पहुंची, वह संतुलन खो बैठी और बहने लगी। लेकिन किस्मत ने साथ दिया — गाड़ी एक खजूर के पेड़ से टकराकर अटक गई, जिससे बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यदि गाड़ी बहाव में और आगे बह जाती, तो जानमाल की गंभीर हानि से इंकार नहीं किया जा सकता था।

ग्रामीणों की सतर्कता ने बचाई ज़िंदगी

घटना के समय आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत मोर्चा संभाला। जान की बाज़ी लगाकर उन्होंने पानी में फंसे तीनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। बाद में बोलेरो वाहन को भी नदी से बाहर निकाल लिया गया।

प्रशासन की अपील की अनदेख

इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं कि जब आम जनता से सावधानी बरतने की अपील की जा रही है, तो सरकारी अधिकारी ही नियमों का उल्लंघन क्यों कर रहे हैं? 

Related Post