डेस्क न्यूज
04 September, 2025
सामाजिक
नीमच। महिलाओं के सशक्तिकरण और समाज सेवा की दिशा में कार्यरत भारतीय योगिनी एसोसिएशन ने मनासा की समाजसेवी कृति गुलाटी को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। संगठन की संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. आर.एच. लता ने उन्हें नीमच–मंदसौर ज़िला अध्यक्ष और साथ ही राष्ट्रीय कोर कमेटी सदस्य के रूप में नियुक्त किया है।
भारतीय योगिनी एसोसिएशन देश का एक सर्व-महिला संगठन है, जिसकी नींव महिलाओं द्वारा रखी गई है और इसकी सदस्यता भी केवल महिलाओं के लिए ही सीमित है। संगठन का उद्देश्य महिलाओं को उनके कौशल, सेवाओं और उत्पादों को स्थानीय से लेकर अंतर्राष्ट्रीय मंच तक प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करना है।
यह संस्था विंध्य शिक्षा प्रचार समिति के अंतर्गत विधिवत पंजीकृत है। संगठन का मानना है कि योगिनियाँ केवल साधना और तपस्या तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे समाज परिवर्तन और राष्ट्र निर्माण की भी सक्रिय भागीदार हैं। आध्यात्मिकता को समाजिक कार्यों से जोड़ते हुए यह संगठन समग्र विकास का मार्ग प्रशस्त कर रहा है।
देशभर में संगठन महिला योगिनियों को योग, स्वास्थ्य, साधना, सेवा और आध्यात्मिक उत्थान के क्षेत्रों में प्रोत्साहित कर रहा है। इसकी संरचना राष्ट्रीय से लेकर ग्रामीण स्तर तक फैली हुई है और यह पांच प्रमुख क्षेत्रों में कार्य कर रहा है।
कृति गुलाटी की नियुक्ति से नीमच और मंदसौर ज़िले की महिलाओं को न केवल नई दिशा मिलेगी बल्कि उनके सामने नेतृत्व, आत्मनिर्भरता और सामाजिक भागीदारी के अनेक अवसर भी खुलेंगे।
इस उपलब्धि पर क्षेत्र के सामाजिक संगठनों, मित्रों और सहयोगियों ने कृति गुलाटी को बधाई प्रेषित की है और विश्वास जताया है कि वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ करेंगी।