डेस्क न्यूज
30 August, 2025
सामाजिक
सिंगोली। (महेंद्र सिंह राठौड़) नगर में महाराणा प्रताप की वीर गाथा को जीवंत बनाए रखने और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करने करने के उद्देश्य से राजपूत समाज व सर्वसमाज, करणी सेना परिवार के संयुक्त प्रयासों से वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा का भव्य स्थापना समारोह गुरुवार को सिंगोली में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। यह आयोजन “महाराणा प्रताप स्मारक अभियान” के तहत हुआ, जिसके अंतर्गत देशभर के 500 से अधिक शहरों व कस्बों में उनकी प्रतिमाएं स्थापित की जानी हैं।
अभियान का उद्देश्य महाराणा प्रताप के शौर्य, पराक्रम और आदर्श जीवन मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाना है। इस अवसर पर हुई सभा में राष्ट्रीय संरक्षक डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ और राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रवीरसिंह नमाणा के नेतृत्व में सामाजिक समरसता, सर्वधर्म सद्भाव और राष्ट्र प्रेम के संदेश को दोहराया गया।
सुबह फुसरिया से निकली बाइक रैली के साथ प्रतिमा नगर में प्रवेश कर बजरंग व्यायामशाला होते हुए पद्मावती सामुदायिक भवन तक पहुंची। वहां सर्वसमाज सभा के रूप में आयोजन हुआ और तत्पश्चात पुराने बस स्टैंड पर शुभ मुहूर्त में प्रतिमा की स्थापना की गई। मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक व पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा ने प्रतिमा का अनावरण किया।
इस दौरान 13 वर्षीय बालक जियांश कुमार टांक द्वारा बनाई गई महाराणा प्रताप की पेंटिंग भी समाज को भेंट की गई, जिसकी सभी ने सराहना करते हुए उसे केसरिया दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मानित किया।
आयोजन में राजपूत समाज, करणी सेना परिवार, सर्वसमाज सहित नगर व आसपास के क्षेत्रों से भारी संख्या में पदाधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे। मंच संचालन तिलक सिंह व राजेन्द्र जोशी ने किया तथा आभार प्रदर्शन पुष्पराज सिंह ने किया।
इस अवसर पर ओमप्रकाश सकलेचा (विधायक एवं पूर्व मंत्री), भानु प्रताप सिंह नाहरगढ़, अशोक सोनी, गिरिराज सिंह, गजेंद्र सिंह, हिम्मत सिंह, राधेश्याम मेघवंशी, सुरेश जैन, लोकेश पटवा, महेंद्र सिंह (क्षत्रिय महासभा), ओंकारलाल, बद्रीलाल गाडोलिया, सुनील सोनी, सुनीता राजकुमार मेहता, राजेन्द्र सिंह मोरवन, प्रदीप सिंह अरनिया तथा जावद, सिंगोली, बेगू क्षेत्र से बड़ी संख्या में सर्वसमाज पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।