ताजासमाचार

युवा रेलवे टीसी की अचानक मौत से स्तब्ध रह गये बघानावासी और परिजन: नीमच स्टेशन पर अमित प्रेमी का दुखद निधन

डेस्क न्यूज 19 August, 2025 दुर्घटना

नीमच। मंगलवार की शाम नीमच रेलवे स्टेशन पर अचानक घटित हुई घटना ने हर किसी को स्तब्ध कर दिया। रतलाम मंडल में पदस्थ टिकट कलेक्टर (टीसी) अमित प्रेमी की ट्रेन से लौटते समय तबीयत बिगड़ी और स्टेशन पर ही उनका निधन हो गया। प्राथमिक जानकारी में हृदयाघात की आशंका जताई जा रही है।

गुना तक ट्रेन लेकर गए थे अमित
सोमवार को अमित प्रेमी ट्रेन लेकर गुना तक गए थे। वापसी के दौरान सफर में जावरा के पास अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी। उन्होंने सोचा कि यह सामान्य एसिडिटी की समस्या है। मंदसौर पहुंचते-पहुंचते उनकी परेशानी बढ़ गई, तब उन्होंने एक यात्री से दवा ली। वहां कुछ लोगों ने सुझाव दिया कि डॉक्टर को दिखा देना चाहिए, लेकिन उन्होंने कहा कि "नीमच पहुंचते ही इलाज करा लूंगा।"

नीमच स्टेशन पर गिरे
शाम करीब चार बजे जैसे ही ट्रेन नीमच स्टेशन पहुंची, अमित प्लेटफॉर्म पर अचानक गिर पड़े। यात्रियों और रेलवे स्टाफ ने उन्हें संभाला लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। उनके अचानक चले जाने की खबर ने परिवार और रेलवे विभाग को गहरे सदमे में डाल दिया।

युवा अधिकारी, खेलों से भी रहा लगाव
अमित प्रेमी सिर्फ एक जिम्मेदार अधिकारी ही नहीं थे, बल्कि फुटबॉल के जाने-माने खिलाड़ी भी रह चुके हैं । खेलों से जुड़ा उनका जज़्बा आज भी साथियों को याद है। परिवार में उनकी पत्नी, दो बेटियां और एक छोटा बेटा है।

अचानक हुई इस घटना ने सबको यह सोचने पर मजबूर कर दिया कि स्वस्थ दिखने वाले युवा भी किस तरह अचानक हृदयाघात का शिकार हो सकते हैं। नीमच के  प्रेमी परिवार में हुई इस घटना की जानकारी लगते ही बघाना वासियों, उनके इष्ट मित्रों और परिवार में शोक की लहर फेल गई, सभी की आंखें नम हो गईं। 

Related Post