ताजासमाचार

आजादी की रात को तेज रफ्तार कार का कहर, दीवार तोड़कर कॉलोनी में घुसी कार

16 August, 2025 अपराध

नीमच। स्वतंत्रता दिवस की अर्धरात्रि को एक तेज रफ्तार कार ने भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) कार्यालय के रहवासी क्षेत्र में बाउंड्री को जोरदार टक्कर मार दी। तीन युवाओं की तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर LIC ऑफिस परिसर की बाउंड्री से जा टकराई, जिससे दीवार क्षतिग्रस्त हो गई और आधी रात को रहवासी क्षेत्र में दहशत फैल गई।

जानकारी अनुसार, यह घटना देर रात हुई जब तेज रफ्तार कार कैंपस की बाउंड्री को तोड़ती हुई भीतर घुस आई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दीवार के हिस्से बिखर गए। हादसे में कार सवार दो युवक घायल हो गए, जिन्हें उनका तीसरा साथी आनन-फानन में गाड़ी को रिवर्स कर बाहर निकालते हुए अस्पताल ले गया।

जोरदार टक्कर की आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर निकले। LIC के मैनेजर शैलेन्द्र व्यास ने बताया की तुरंत 100 डायल पर कॉल कर पुलिस को सूचित किया और थाने में लिखित शिकायत भी की है। सूचना पर रात में ही 2 पुलिसकर्मी भी पहुंचे।

स्थानीय निवासियों ने बताया कि हादसे के बाद कुछ देर के लिए दहशत मच गई थी। गनीमत रही कि हादसे के समय कोई राहगीर या रहवासी सामने नहीं था, वरना जानमाल की क्षति भी हो सकती थी।

केंट थाने से इस घटना की जानकारी नहीं मिल पाई है।

Related Post