डेस्क न्यूज़
12 August, 2025
अपराध
नीमच। ग्राम पंचायत कानाखेड़ा के अंतर्गत आने वाले बिजलवास बामनिया गांव के ग्रामीणों ने पंचायत के पदाधिकारियों पर गंभीर भ्रष्टाचार और लापरवाही के आरोप लगाते हुए मंगलवार को जमकर प्रदर्शन किया और कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का कहना है कि सरपंच, सचिव और सहायक सचिव विकास कार्यों में लापरवाही बरत रहे हैं और जब भी उनसे कार्यों की जानकारी या शिकायत की जाती है, तो एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालकर टालमटोल करते हैं।ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि पंचायत कार्यालय में सभी पदाधिकारी एक साथ कभी मौजूद नहीं रहते और अधिकतर समय कार्यालय पर ताला लटका रहता है। ग्रामीणों ने बताया कि श्मशान घाट जाने वाले रास्ते पर अतिक्रमण किया जा रहा है और श्मशान की स्थिति अत्यंत दयनीय है। वहीं, ग्राम बिजलवास बामनिया में अब तक प्राप्त विकास राशि का सही उपयोग नहीं किया गया, जिसकी जांच की मांग की गई है।ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि पंचायत के पदाधिकारी बिजलवास बामनिया के साथ भेदभाव कर रहे हैं, जिससे यह गांव विकास में पिछड़ गया है।यहां तक कि किसी भी कार्य के लिए जाने पर रिश्वत की मांग की जाती है। खेल मैदान में गंदगी फैली हुई है और डोम स्वीकृत करने की मांग भी अब तक अनसुनी है।ग्रामीणों ने ज्ञापन में मांग की है कि बिजलवास बामनिया में स्वीकृत राशि और कराए गए निर्माण कार्यों का भौतिक सत्यापन किया जाए, उनकी लागत की समीक्षा हो और भ्रष्टाचार में लिप्त पदाधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने जमकर नारेबाजी करते हुए प्रशासन से तत्काल जांच टीम गठित करने की मांग दोहराई।