ताजासमाचार

ट्रेनी चिकित्सक ने बुजुर्ग दंपति को मारी टक्कर, 3 घायल – कवरेज कर रहे मीडिया कर्मी पर निकाली भड़ास, फोटो-वीडियो किए डिलीट

डेस्क न्यूज 10 August, 2025 दुर्घटना

नीमच। जिला अस्पताल में सेवाएं दे रहे मेडिकल कॉलेज के एक ट्रेनी  चिकित्सक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए एक बुजुर्ग दंपति की बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में दंपति सहित एक मासूम भी घायल हो गया, जबकि बुजुर्ग की हालत गंभीर होने पर जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया जहां से उन्हें निजी हॉस्पिटल ले जाया गया।

जानकारी के अनुसार, एलआईसी रोड़ पर यह हादसा उस वक्त हुआ जब जगदीश महावर (63) निवासी द्वारकापुरी अपनी पत्नी मंजू महावर (55) और 6 वर्षीय मासूम पौत्र वैदिक मनोज महावर के साथ बाइक पर सवार हो जा रहे थे। तभी पीछे से तेज रफ्तार आ रहे ट्रेनी चिकित्सक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से मासूम वैदिक के चेहरे व हाथ में चोट आई, मंजू महावर के हाथ और चेहरे पर चोटें आईं, जबकि जगदीश महावर का पैर फ्रैक्चर हो गया और उन्हें गंभीर हालत में निजी हॉस्पिटल भर्ती कराया गया।

इधर, मौके पर मौजूद लोग घायलों को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार शुरू किया गया। इसी दौरान, अस्पताल परिसर में एक और विवाद खड़ा हो गया। कवरेज करने पहुंचा एक मीडिया कर्मी घटना स्थल और घायलों की तस्वीरें व वीडियो ले रहा था तभी एक अन्य ट्रेनी  चिकित्सक ने उनसे बदतमीजी करते हुए मीडियाकर्मी का मोबाइल छीन लिया और सभी फोटो व वीडियो डिलीट कर दिए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चिकित्सक ने अपमानजनक व्यवहार किया.

विवाद की सूचना पर कैंट थाना पुलिस की टीम टी आई पुष्पा चौहान के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया।

पीड़ित मीडिया कर्मी ने इस पूरे घटनाक्रम की शिकायत मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. आदित्य बैराड़ से की, जिस पर डीन ने मामले को दिखवाने की बात कही है।

गौरतलब है कि जिला अस्पताल में मरीजों और परिजनों से अभद्रता की शिकायतें भी पहले आ चुकी हैं। रविवार को हुए हादसे और उसके बाद मीडिया कर्मी के साथ हुई बदतमीजी ने एक बार फिर ट्रेनी चिकित्सकों के व्यवहार पर सवाल खड़े कर दिए हैं। नागरिकों का कहना है कि अस्पताल में सेवा देने वाले चिकित्सकों का आचरण मरीजों और आमजन के प्रति विनम्र होना चाहिए, ताकि अस्पताल का माहौल उपचार के लिए सहज और सुरक्षित बना रहे।

Related Post