ताजासमाचार

मां - बेटी के पेट में उठा दर्द - छह साल की बेटी की मौत , मां का उपचार जारी - पुलिस जांच में जुटी

डेस्क न्यूज़ 04 August, 2025 दुर्घटना

नीमच। मनासा तहसील क्षेत्र के ग्राम बस्सी ब्लॉक में शनिवार सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां एक महिला और उसकी छह वर्षीय बेटी को अचानक तेज पेट दर्द की शिकायत पर अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। उपचार के दौरान बालिका की मौत हो गई, जबकि महिला की हालत गंभीर होने पर उसे नीमच रेफर किया गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बस्सी निवासी सोनू चारण (उम्र लगभग 35 वर्ष) पत्नी कारू चारण और उसकी बेटी भारती चारण (6 वर्ष) को शनिवार सुबह अचानक पेट में असहनीय दर्द होने लगा। परिजनों ने स्थिति गंभीर होते देख दोनों को तत्काल रामपुरा के शासकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद महिला सोनू की स्थिति चिंताजनक होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल नीमच रेफर कर दिया।बताया गया कि नीमच पहुंचने के बाद महिला को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। वहीं बेटी भारती को परिजन मनासा के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी हालत बिगड़ती चली गई और कुछ समय बाद उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद बच्ची को मनासा के शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।घटना की जानकारी मिलते ही रामपुरा थाना पुलिस मनासा अस्पताल पहुंची और मर्ग कायम कर लिया। बालिका के शव का पोस्टमार्टम रविवार को जिला अस्पताल में किया गया। फिलहाल इस दर्दनाक घटना के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्राथमिक जांच में किसी जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है।इधर महिला सोनू की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और नीमच के निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।

Related Post