ताजासमाचार

मुख्यमंत्री की पहल से प्रदेश के साथ नीमच को भी मिली नि:शुल्क शव वाहन सेवा,अंतिम यात्रा में मिलेगी गरिमा,हुआ विधिवत पूजन

डेस्क न्यूज़ 04 August, 2025 राजनीति

नीमच। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा जनहित में प्रारंभ की गई नि:शुल्क शव वाहन सेवा अब नीमच जिले में भी साकार रूप ले चुकी है। इस सेवा के अंतर्गत नीमच को चार शव वाहन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से दो वाहन जिला चिकित्सालय में सेवाएं देंगे। रविवार शाम ट्रॉमा सेंटर परिसर में इन वाहनों का पूजन कर विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान, सीएमएचओ डॉ. आर.के. खाद्ययोत, सिविल सर्जन डॉ. महेन्द्र पाटिल, अस्पताल स्टाफ और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। बतादे की मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कुछ दिन पूर्व भोपाल से लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों के लिए कुल 148 नि:शुल्क शव वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। उनका यह प्रयास प्रदेश में अंतिम यात्रा को गरिमामय और सुगम बनाने की दिशा में एक संवेदनशील पहल है। इस योजना के पीछे उनकी मंशा रही है कि किसी भी गरीब, बेसहारा या जरूरतमंद परिवार को अपने दिवंगत परिजन के शव को घर ले जाने के लिए आर्थिक या संसाधनों की समस्या का सामना न करना पड़े। सेवा भाव की इस भावना से प्रेरित होकर यह व्यवस्था लागू की गई है, जो प्रदेश के चिकित्सा महाविद्यालयों वाले जिलों को 4-4 और सामान्य जिलों को 2-2 शव वाहन प्रदान कर रही है।नीमच को मिले चार वाहनों में से दो जिला अस्पताल में संचालित होंगे, जबकि अन्य दो वाहनों को मेडिकल कालेज में तैनात किया जाएगा। शव वाहन सेवा 24 घंटे उपलब्ध रहेगी और हर वाहन में प्रशिक्षित चालक की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। ये वाहन सिर्फ शासकीय चिकित्सा संस्थानों में मृत्यु के उपरांत उपयोग किए जाएंगे, जिससे यह सेवा पूर्णतः पारदर्शी और जनहितैषी बनी रहे। जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में जनसेवा की भावना से अनेक कल्याणकारी योजनाएं शुरू की गई हैं। नि:शुल्क शव वाहन सेवा उन्हीं में से एक अत्यंत संवेदनशील और प्रभावशाली योजना है, जो मृत्यु उपरांत एक सामान्य नागरिक की गरिमा को बनाए रखने में सहायक बनेगी। उन्होंने कहा कि कई बार गरीब परिवारों के सामने यह संकट खड़ा हो जाता है कि शव को घर तक कैसे ले जाएं। ऐसी स्थिति में यह नि:शुल्क सेवा उनके लिए संबल बनेगी।यह पहल न केवल अंतिम संस्कार की प्रक्रिया को सहज और ससम्मान बनाने की दिशा में बड़ा कदम है, बल्कि यह सामाजिक संवेदनशीलता और जनकल्याण के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है। मुख्यमंत्री की यह योजना अंत्येष्टि की गरिमा और मानवीय संवेदना को केन्द्र में रखकर रची गई है, जिससे समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंच सके।
जिला अस्पताल सीएमएचओ आर के खाद्ययोत ने बताया की शाशन द्वारा निशुल्क शव वाहन सेवा प्रारंभ की गई है जिसके अंतर्गत नीमच को भी 4 वाहन मिले हैं चार वाहन में से दो वाहन हमे प्राप्त हो चुके हैं जो जिला अस्पताल में खड़े रहकर सेवाएं देंगे इसी प्रकार दो अन्य वाहन मेडिकल कॉलेज को भी मीले है जो वहां सेवाएं देंगे जिस प्रकार 108 डायल पर अपनी सेवाएं देती है उसी प्रकार शव वाहन 1080 हेल्पलाइन नंबर से 24 घंटे सेवाएं देगी शव वाहन प्रारंभ होने से सामान्य व गरीब परिवारों को सुविधा मिल पाएगी

Related Post