डेस्क न्यूज़
23 July, 2025
दुर्घटना
नीमच। जिला मुख्यालय से महज पांच किलोमीटर की दूरी पर स्थित कनावटी अरिहंत फर्टिलाईजर्स फेक्ट्री के बाहर मजदूर परिवार और दलित संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया और सुरक्षा के अभाव में घायल मजदूर का इलाज करवाने और ईलाज में खर्च रूपयों की भरपाई की मांग की गई।
मूसलाधार बारिश में फेक्ट्री गेट पर प्रदर्शन
घायल मजदूर हरीश जटिया के परिजन जिसमें उसकी पत्नी और छोटे बच्चे भी शामिल रहे। इस दौरान आदिवासी संगठन के युवा भी विरोध में जमे रहे। लेकिन करीब छह घंटे चले प्रदर्शन के बीच न तो फेक्ट्री प्रबंधन ने पीड़ा सुनी और न ही प्रशासनिक अधिकारियों ने इस बात की सुध ली।
शेड गिरने से हुआ हादसा - 09 लाख 82 हजार खर्च
तकरीबन एक माह पूर्व फेक्ट्री में भरबढ़िया निवासी हरीश जटिया पर शेड गिर गया था। जिससे वह गंभीर घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद घायल को उदयपुर रेफर किया गया। जहां आज दिनांक तक उसका ईलाज जारी है। परिजनों के अनुसार ईलाज में अब तक 09 लाख 82 हजार खर्च हो चुके है। जिसके बिल भी फेक्ट्री प्रबंधन को सौंप चुके हैं लेकिन अब तक किसी प्रकार कि आर्थिक सहायता नही मिली है।
बिना सुरक्षा फेक्ट्री में मजदूरों से करवाया जा रहा काम
घायल मजदूर की पत्नी ने आरोप लगाया कि फेक्ट्री में बिना कोई सुरक्षा मजदूरों से काम करवाया जा रहा है। घायल होने पर किसी तरह की आर्थिक सहायता नही दी जा रही है, और न ही मजदूरों का श्रमिक पंजीयन ही करवाया जा रहा है ताकि सरकार से किसी तरह की सहायता मिल सके।
इस मामले में फैक्ट्री संचालक अभिषेक जैन का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन लगातार व्यस्त आता रहा और बाद मे नोट रिचेबल के कारण संपर्क नहीं हो सका।