डेस्क न्यूज
23 July, 2025
दुर्घटना
नीमच। सिटी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जमुनिया कला निवासी 32 वर्षीय युवक सुनील प्रजापत ने बीती रात आत्महत्या कर ली।
गंभीर घायल को ट्रेन रोककर चालक ने अस्पताल पहुंचाने अगले स्टेशन तक छोड़ा
जानकारी के अनुसार मंगलवार रात लगभग 9 बजे युवक ने मालगाड़ी के आगे कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया और इस दौरान ट्रेन की चपेट में आने से बुरी तरह घायल हो गया। ट्रेन चालक ने सजगता दिखाते हुए तुरंत ट्रेन रोक कर घायल युवक को ट्रेन में बिठाकर हरकिया खाल स्टेशन तक पहुंचाया। जहां से एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सास-ससुर के घर से अलग कीचन व अन्य मांगो के चलते पत्नी चली गई थी मायके
पुलिस ने बुधवार सुबह जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। मृतक के परिवारजनों ने उसकी आत्महत्या के लिए पत्नी और ससुराल पक्ष को जिम्मेदार ठहराया है। परिजनों का आरोप है कि सुनील को पिछले कुछ महीनों से ससुराल वालों द्वारा मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। मृतक की पत्नी पिछले दो महीनों से पीहर में रह रही थी। सुनील जब उसे वापस लाने गया तो उसे अपमानित कर भगा दिया गया। मृतक के भाई ने बताया कि सुनील काफी समय से मानसिक तनाव में था और परसों रात भी ससुराल वालों द्वारा बुलाकर उसे जलील किया गया। उस पर बार-बार पैसे, अलग किचन-बाथरूम और स्कूटी जैसी मांगों का दबाव डाला जाता था। घटना से एक दिन पहले उसने भाई को फोन कर बताया था कि वह अब जीना नहीं चाहता और बहुत परेशान हो चुका है।
परिजनों के आरोप पर पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। शव को जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और परिवारजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। परिजनों ने युवक की आत्महत्या के लिए ससुराल पक्ष को जिम्मेदार ठहराते हुए उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आत्महत्या के कारणों का खुलासा किया जाएगा।