डेस्क न्यूज़
23 July, 2025
अपराध
नीमच। शहर के बीचों बीच बीएसएनएल कार्यालय के सामने बैंक काॅलोनी में बदमाशों ने सूने मकान पर धावा बोल दिया। घटना की जानकारी मिलते ही केंट पुलिस मौके पर पहुंची और मौके का पंचनामा बनाकर चोरो की शिनाख्त में जुट गई। इधर पुलिस टीम के साथ मौके पर डाॅग स्क्वाॅयड की टीम भी मौजूद रही।
जानकारी के अनुसार यह मकान सुनील जैन पाटनी का है, जो पिछले तीन महीनों से कैनिया में अपने बेटे के पास रह रहे हैं।चोरों ने मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात को सूना मकान देख वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए।बुधवार सुबह कॉलोनी निवासी पड़ोसी विकास जैन को सुनील जैन के मकान के बाहर एक टीवी पड़ा दिखाई दिया,जिससे उन्हें संदेह हुआ। उन्होंने तत्काल अन्य रहवासियों को सूचना दी और इसके बाद कैंट थाने पर सूचना दी गई। सूचना मिलते ही कैंट थाना प्रभारी पुष्पा सिंह चौहान पुलिस बल एवं डॉग स्क्वॉड के साथ मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की गई।पुलिस ने मकान का निरीक्षण कर फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वॉड की मदद से सुराग जुटाने की कोशिश की। प्रारंभिक जांच में मकान के कुछ हिस्सों में तोड़फोड़ के निशान भी मिले हैं। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि घर से क्या-क्या सामान चोरी हुआ है। सुनील जैन के विदेश से लौटने के बाद ही नुकसान का सही आकलन हो सकेगा।स्थानीय रहवासियों ने कॉलोनी में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।