ताजासमाचार

चरनोई की भूमि पर सरपंच का कब्जा - विरोध पर जातिसूचक गालिया, अब ग्रामीणों का बवाल - अतिक्रमण ध्वस्त करने की मांग

डेस्क न्यूज़ 22 July, 2025 अन्य

नीमच। ग्राम कुतली के हरिजन एवं आदिवासी समुदाय के दर्जनों ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर प्रतिनिधि को एक ज्ञापन सौंपते हुए आरोप लगाया है कि गांव में स्थित शासकीय चरनोई भूमि पर गुर्जर समाज के कुछ प्रभावशाली लोगों द्वारा अवैध कब्जा कर लिया गया है। ग्रामीणों के अनुसार उक्त भूमि पर तेजाजी महाराज का चबूतरा भी है और यह क्षेत्र वन सीमा तक फैली लगभग 1000 से 1500 बीघा की सार्वजनिक भूमि है।प्रार्थीगण ने बताया कि इस भूमि पर पूर्व और वर्तमान सरपंच द्वारा मिलीभगत से खाई बनाकर अतिक्रमण किया गया, जिससे न केवल गांव का आवागमन मार्ग बंद हो गया है, बल्कि मवेशियों के लिए चारा-पानी भी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।ग्रामीणों का कहना है कि जब उन्होंने विरोध किया, तो उनके साथ जातिगत आधार पर मारपीट की गई और अपमानजनक गालियाँ दी गईं। इतना ही नहीं, उन्हें धमकी दी गई कि "जैसे कन्हैयालाल भील को मारा गया, वैसे ही तुम्हारा भी नंबर आएगा।"ग्रामीणों ने 11 जुलाई 2025 को भी जिला प्रशासन को इस संबंध में शिकायत सौंपी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब पुनः ज्ञापन देकर उन्होंने मांग की है कि चरनोई भूमि को कब्जे से मुक्त कराया जाए, रास्ता बहाल किया जाए और दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाए।ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि ज्ञापन के बाद भी उनके साथ कोई अनहोनी घटना होती है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी दबंग पक्ष की होगी।

Related Post