ताजासमाचार

ग्राम भेरपुरा में पंचायत भवन स्थानांतरण को लेकर ग्रामवासियों ने दिया ज्ञापन

डेस्क न्यूज़ 22 July, 2025 राजनीति

नीमच।तहसील मनासा के अंतर्गत आने वाले ग्राम भेरपुरा के ग्रामीणों ने मंगलवार को कलेक्टर जनसुनवाई में एक सामूहिक शिकायत आवेदन पत्र सौंपकर पंचायत भवन के निर्माण स्थल को लेकर आपत्ति जताई। ज्ञापन में बताया गया कि वर्ष 2022 में शासन द्वारा ग्राम भेरपुरा को पंचायत का दर्जा दिया गया था,जो कि आदिवासी बहुल भील समाज का क्षेत्र है। शासन की मंशा भील समुदाय को योजनाओं का लाभ दिलाने की थी, इसीलिए भेरपुरा को केंद्र में रखकर पंचायत गठन किया गया।ग्रामीणों का आरोप है कि वर्तमान सरपंच द्वारा शासन को गुमराह कर पंचायत भवन का निर्माण ग्राम भेरपुरा से लगभग 3 किलोमीटर दूर ग्राम सुंडी के समीप स्वीकृत करवाया गया है,जो कि ग्राम भेरपुरा की राजस्व सीमा के अंतिम छोर पर स्थित है। इससे भेरपुरा के आदिवासी और अन्य ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि उन्हें योजनाओं और सुविधाओं के लिए दूर तक जाना पड़ता है।ज्ञापन में ग्रामीणों ने यह भी स्पष्ट किया कि ग्राम भेरपुरा में पर्याप्त शासकीय भूमि उपलब्ध है,जहां पर पंचायत भवन का निर्माण आसानी से किया जा सकता है।वर्तमान स्थिति में पंचायत संचालन भी सुंडी से हो रहा है, जिससे ग्रामीण 3 से 4 किलोमीटर तक की दूरी तय करने को मजबूर हैं और शासन की योजनाओं का समुचित लाभ नहीं मिल पा रहा है।ग्रामीणों ने मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए वर्तमान में स्वीकृत स्थान को निरस्त किया जाए और ग्राम भेरपुरा की आबादी से सटे शासकीय भूमि पर ही पंचायत भवन का निर्माण किया जाए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जनसुनवाई में उपस्थित रहे और सामूहिक रूप से अपनी मांग रखी।

Related Post