डेस्क न्यूज़
17 July, 2025
राजनीति
नीमच। स्वच्छता के क्षेत्र में नीमच नगर पालिका ने देशभर में बड़ा मुकाम हासिल किया है। स्वच्छता सर्वेक्षण 2024 के परिणामों में नीमच ने 50,000 से 3 लाख की आबादी वाली श्रेणी में पूरे भारत में 16वां स्थान प्राप्त किया है। वहीं मध्यप्रदेश में नगर पालिकाओं की रैंकिंग में नीमच चौथे स्थान पर रहा है। सभी श्रेणियों को मिलाकर देखा जाए तो राज्य में नीमच टॉप 15 शहरों में शामिल हुआ है। इस उपलब्धि के बाद नगर पालिका में जश्न का माहौल रहा।नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा और मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया ने इस मौके पर स्वास्थ्य अधिकारी, सफाई मित्रों, दरोगाओं और पार्षदों को पुष्पमालाओं से सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। अध्यक्ष चोपड़ा ने कहा कि यह सफलता सफाई कर्मचारियों की मेहनत, नागरिकों की जागरूकता और नगरपालिका की योजनाबद्ध कार्यशैली का परिणाम है। उन्होंने यह भी कहा कि शहर को और अधिक स्वच्छ, सुंदर और हरा-भरा बनाने के लिए आगे भी निरंतर प्रयास किए जाएंगे।स्वच्छता सर्वेक्षण में नीमच को कुल 12,500 में से 10,300 अंक प्राप्त हुए हैं। वाटर प्लस प्रमाणन और ट्रेंचिंग ग्राउंड के रखरखाव में नीमच को विशेष अंक मिले हैं। साथ ही शहर में की गई दीवार चित्रकारी (पेंटिंग्स), पेवर ब्लॉक बिछाने, सड़कों के चौड़ीकरण और नालियों की नियमित सफाई जैसे कार्यों ने रैंकिंग में इजाफा किया।उल्लेखनीय है कि वर्ष 2023 में नीमच की रैंकिंग 113 थी, जिससे इस वर्ष नीमच ने स्वच्छता के क्षेत्र में बड़ी छलांग लगाई है। स्वास्थ्य सभापति धर्मेश पुरोहित ने इस सफलता का श्रेय विशेष रूप से सफाई कर्मचारियों को देते हुए उनके समर्पण की सराहना की।