ताजासमाचार

ई-अटेंडेंस आदेश वापस लेने की मांग को लेकर अतिथि शिक्षकों का प्रदर्शन, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

डेस्क न्यूज़ 17 July, 2025

नीमच। शैक्षणिक सत्र 2025-26 में अतिथि शिक्षकों पर ई-अटेंडेंस अनिवार्य किए जाने के आदेश का विरोध तेज हो गया है। इसी कड़ी में गुरुवार को आज़ाद अध्यापक अतिथि शिक्षक संघ ने जिला कलेक्टर कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम एक ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन में बताया गया कि प्रदेश के 80% से अधिक अतिथि शिक्षकों के पास एंड्रॉइड मोबाइल नहीं हैं। ऐसे में ई-अटेंडेंस की अनिवार्यता अन्यायपूर्ण है। संघ ने मांग की है कि शासन द्वारा प्रत्येक अतिथि शिक्षक को 20,000 रुपये की सहायता राशि मोबाइल खरीदने हेतु प्रदान की जाए तथा 500 रुपये प्रतिमाह रिचार्ज हेतु भी दिए जाएं। इसके अलावा मानदेय समय पर देने, मेडिकल एवं आकस्मिक अवकाश की सुविधा, ग्रामीण क्षेत्रों में नेटवर्क सुविधा सुधारने, वार्षिक अनुबंध और शासकीय सुविधाओं की मांग भी शामिल है।संघ ने चेतावनी दी कि यदि पांच दिन के भीतर ई-अटेंडेंस संबंधी आदेश वापस नहीं लिया गया तो प्रदेशभर के अतिथि शिक्षक भोपाल में उग्र आंदोलन करेंगे, जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।ज्ञापन में यह भी कहा गया कि आदेश लागू करने से पूर्व शिक्षकों की समस्याओं का समाधान किया जाए, ताकि वे मानसिक दबाव से मुक्त होकर शिक्षण कार्य कर सकें।

Related Post