ताजासमाचार

नीमच में पांचवीं - आठवीं री-टोटलिंग का काम पूरा, 100% रिजल्ट प्रोसेस—अब अंकों में बदलाव पर फाइनल मुहर

द वाॅचमेन पोस्ट 23 April, 2026

नीमच। राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा आयोजित कक्षा 5वीं और 8वीं की बोर्ड पैटर्न परीक्षाओं के परिणाम के बाद अंकों को लेकर उठी आपत्तियों के बीच शुरू हुई री-टोटलिंग प्रक्रिया अब नीमच जिले में पूरी तरह समाप्त हो चुकी है। छात्रों और अभिभावकों की शिकायतों के बाद शुरू हुई इस प्रक्रिया में कॉपियों के अंकों का दोबारा जोड़-घटाव किया गया और अब जिले में 100 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है। एक भी आवेदन लंबित नहीं बचा है।

कक्षा 5वीं में जिलेभर से कुल 735 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें 67 मामलों में अंकों में बदलाव हुआ, जबकि 668 में कोई परिवर्तन नहीं पाया गया। क्षेत्रवार देखें तो जावद में 433 आवेदन आए, जिनमें 37 में बदलाव और 396 में कोई बदलाव नहीं हुआ। मनासा में 176 आवेदन मिले, जिनमें 7 में बदलाव और 169 में कोई परिवर्तन नहीं हुआ। वहीं नीमच में 126 आवेदन आए, जिनमें 23 मामलों में अंकों में बदलाव हुआ, जबकि 103 में कोई बदलाव नहीं पाया गया। तीनों ही क्षेत्रों में सभी आवेदन निपटा दिए गए हैं।

कक्षा 8वीं में कुल 856 आवेदन आए थे। इनमें 83 मामलों में अंकों में बदलाव हुआ, जबकि 773 में कोई परिवर्तन नहीं हुआ। जावद में 540 आवेदन आए, जिनमें 44 में बदलाव और 496 में कोई बदलाव नहीं पाया गया। मनासा में 183 आवेदन में से 12 में बदलाव और 171 में कोई परिवर्तन नहीं हुआ। वहीं नीमच में 133 आवेदन आए, जिनमें 27 में बदलाव और 106 में कोई बदलाव नहीं पाया गया। यहां भी तीनों स्थानों पर सभी मामलों का निराकरण कर दिया गया है।

दोनों कक्षाओं को मिलाकर जिले में कुल 1591 आवेदन आए थे। इनमें 150 मामलों में अंकों में बदलाव दर्ज हुआ, जबकि 1441 मामलों में कोई परिवर्तन नहीं हुआ। खास बात यह है कि अब जिले में री-टोटलिंग का एक भी मामला लंबित नहीं है और पूरी प्रक्रिया समाप्त हो चुकी है।

समयबद्ध तरीके से यह कार्य पूरा कर नीमच ने पारदर्शिता और प्रशासनिक दक्षता का उदाहरण पेश किया है। अब संशोधित अंक ही अंतिम माने जाएंगे और छात्रों के अगले शैक्षणिक सत्र का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है।

Related Post