डेस्क न्यूज
25 June, 2025
दुर्घटना
नीमच। बघाना थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले चेनपुरा स्थित ओसवाल इंडस्ट्रीज में मंगलवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां वेल्डिंग का कार्य कर रहे बिहार निवासी मजदूर की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान अमित कुमार उर्फ दीपक पिता रमाकांत यादव (उम्र 21 वर्ष), निवासी श्रीनगर, बिहार के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 8 बजे की है जब अमित कुमार इंडस्ट्री में वेल्डिंग का कार्य कर रहा था। इस दौरान अचानक वह करंट की चपेट में आ गया। मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों और ठेकेदार ने तुरंत उसे जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एसपी इंटरप्राइजेज के ठेकेदार पन्नालाल ने बताया कि मृतक उनके अधीन अनिल नाहटा की ओसवाल इंडस्ट्रीज में ठेके पर कार्यरत था। घटना की सूचना मिलते ही बुधवार सुबह बघाना पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। प्रारंभिक जांच में इसे करंट लगने से हुई दुर्घटना बताया गया है, हालांकि पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच की जा रही है। इस घटना के बाद मजदूरों में शोक की लहर है। वहीं परिजनों को सूचना देकर शव उनके सुपुर्द किया गया।प्रशासन द्वारा हादसे की वजह व जिम्मेदारों की जांच के संकेत दिए गए हैं। मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर भी सवाल उठे हैं।