डेस्क न्यूज
18 June, 2025
दुर्घटना
नीमच। कैंट थाना क्षेत्र अंतर्गत बुधवार शाम करीब 5:00 बजे एक बड़ा सड़क हादसा घटित हुआ। जावद फंटे के पास हरियाणा पासिंग एक ट्रक सामने से आ रहे रॉन्ग साइड ट्रक को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दुर्घटना में ट्रक चालक को हल्की चोटें आई हैं, वहीं ट्रक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक क्रमांक एचआर 55 यूए 3870 जयपुर से संथारा की ओर ट्रांसपोर्ट का सामान लेकर जा रहा था। ट्रक का चालक आलोक (उम्र लगभग 40 वर्ष), मूल निवासी भरतपुर हाल मुकाम जयपुर है। जब ट्रक जावद फंटे पर पहुंचा, उसी समय सामने से रॉन्ग साइड से आ रहा एक अन्य ट्रक अचानक सामने आ गया। टक्कर से बचने के प्रयास में आलोक ने ट्रक से नियंत्रण खो दिया और ट्रक हाईवे पर पलटी खा गया। घटना के तुरंत बाद हंड्रेड डायल और कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रक चालक को प्राथमिक उपचार दिलाया और क्षतिग्रस्त ट्रक को हटवाने की कार्रवाई शुरू की। हादसे के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात बाधित हो गया था, लेकिन पुलिस की तत्परता से व्यवस्था जल्द ही सुचारु कर दी गई। गनीमत रही कि दुर्घटना में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई है, लेकिन ट्रक को भारी नुकसान पहुंचा है।