ताजासमाचार

कलेक्टर हिमांशु चंद्रा का सख्त एक्शन, लापरवाही पर दो उपयंत्रियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश

डेस्क न्यूज़ 09 July, 2026 अन्य

नीमच। जिले में विकास कार्यों की गति और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिले के सभी नगरीय निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक के दौरान नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। समीक्षा में जहां बेहतर कार्य करने वाले निकायों को योजनाओं में और तेजी लाने के निर्देश दिए गए, वहीं लापरवाही सामने आने पर कलेक्टर ने सख्त रुख अपनाया।

बैठक के दौरान कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर उपयंत्री अंकित मांझी एवं टेकचंद बुनकर के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि आगामी माह तक जिले के कम से कम 1,500 पात्र हितग्राहियों को ऋण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने बैंक अधिकारियों और नगरीय निकायों को आपसी समन्वय बनाकर लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए ताकि पात्र हितग्राहियों को समय पर योजना का लाभ मिल सके।

प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) की समीक्षा में कलेक्टर ने सभी स्वीकृत आवासों का निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने और पूर्ण हो चुके मकानों की जियो-टैगिंग निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर मिलना चाहिए और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं होगी।

बैठक में नगर परिषद डीकेन में निर्मित वाटर बॉडी के कार्य की भी समीक्षा की गई। जांच के दौरान सक्षम स्वीकृति के बिना भुगतान किए जाने का मामला सामने आने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए पूरे प्रकरण की जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी स्तर पर वित्तीय अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

वर्षा ऋतु को देखते हुए कलेक्टर ने सभी मुख्य नगरपालिका अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में चल रहे निर्माण कार्यों का नियमित निरीक्षण करने, गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही जर्जर और खतरनाक भवनों का सर्वे कर जनहानि की आशंका वाले भवनों को तत्काल खाली कराने एवं आवश्यकतानुसार ध्वस्त करने के निर्देश भी दिए, ताकि बारिश के दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।

सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने 50 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों पर नाराजगी जताई और अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आम जनता की शिकायतों का समय पर समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

बैठक में परियोजना अधिकारी डूडा एवं डिप्टी कलेक्टर चंद्र सिंह धारवे, नीमच की मुख्य नगरपालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया तथा जिले के सभी मुख्य नगरपालिका अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Post