ताजासमाचार

सीएम डॉ. मोहन यादव का बड़ा ऐलान: मध्यप्रदेश में इसी महीने लागू होगी समान नागरिक संहिता (UCC)

डेस्क न्यूज़ 06 July, 2026 अन्य

भोपाल। मध्यप्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने की दिशा में सरकार ने बड़ा कदम बढ़ा दिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को घोषणा करते हुए कहा कि प्रदेश में इसी महीने समान नागरिक संहिता (UCC) लागू की जाएगी। उन्होंने यह घोषणा भारतीय जनसंघ के संस्थापक एवं प्रखर राष्ट्रवादी विचारक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में की।

भोपाल के लालघाटी स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का सपना था कि देश "एक निशान, एक प्रधान और एक विधान" के सिद्धांत पर चले। अब मध्यप्रदेश भी उन राज्यों की श्रेणी में शामिल होने जा रहा है, जहां समान नागरिक संहिता लागू होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है। मध्यप्रदेश भी इसी सोच के साथ हर क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में औद्योगिकीकरण को गति दी जा रही है और हाल ही में रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में भी मध्यप्रदेश ने नया इतिहास रचा है। अब प्रदेश में अत्याधुनिक रक्षा उपकरणों और डिफेंस उत्पादों का निर्माण होगा, जिससे रोजगार और निवेश दोनों बढ़ेंगे।

डॉ. मोहन यादव ने बताया कि भोपाल के सतगढ़ी में एक विशाल इंडस्ट्रियल पार्क का उद्घाटन किया जाएगा, जहां उद्योग, रोजगार और आधुनिक सुविधाओं का समग्र विकास होगा। इसके साथ ही भोपाल को आर्थिक राजधानी के रूप में विकसित करने के लिए बड़े स्तर पर बुनियादी ढांचे का विस्तार किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि भोपाल में अत्याधुनिक कन्वेंशन सेंटर भी बनाए जाएंगे। कुशाभाऊ ठाकरे सभागार के पास बनने वाले कन्वेंशन सेंटर में लगभग 5 हजार लोगों के बैठने की क्षमता होगी, जबकि सतगढ़ी में प्रस्तावित कन्वेंशन सेंटर 10 से 15 हजार लोगों की क्षमता वाला होगा। उन्होंने कहा कि यह सुविधाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजनों के लिए प्रदेश को नई पहचान देंगी।

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि आज मध्यप्रदेश देश का वह राज्य है, जहां बेरोजगारी दर सबसे कम है। सरकार का लक्ष्य निवेश बढ़ाने, रोजगार के नए अवसर सृजित करने और प्रदेश के सर्वांगीण विकास को गति देना है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके विचार आज भी देश के विकास और राष्ट्रीय एकता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उनके आदर्शों पर चलते हुए विकास, सुशासन और जनकल्याण के संकल्प को आगे बढ़ा रही है।

Related Post